राममंदिर ट्रस्ट की आंतरिक व्यवस्थाओं में बदलाव की प्रक्रिया तेज:ट्रस्टी मदन मोहन पांडेय को बैंकिंग और लेखा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी
अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आंतरिक व्यवस्थाओं में बदलाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। ट्रस्ट के नवनियुक्त सदस्य एडवोकेट मदन मोहन पांडेय को बैंकिंग और लेखा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एडवोकेट मदन मोहन पांडेय अब ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन, बैंकिंग प्रक्रियाओं और लेखा संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
ट्रस्ट में नए सदस्यों को अलग-अलग विभागों और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी देकर कार्यों का नए सिरे से विभाजन किया जा रहा है। इससे पहले वित्तीय व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में ट्रस्ट के पूर्व सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा की प्रमुख भूमिका थी।
राम मंदिर में चढ़ावे की रकम चोरी के मामले के बाद ट्रस्ट ने आंतरिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है। बैंकिंग, लेखा और वित्तीय लेनदेन जैसे संवेदनशील कार्यों के लिए जिम्मेदारी और निगरानी की स्पष्ट व्यवस्था तैयार की जा रही है।
माना जा रहा है कि मदन मोहन पांडेय के जिम्मेदारी संभालने से ट्रस्ट की वित्तीय और लेखा व्यवस्था में निगरानी और पारदर्शिता को और मजबूत किया जाएगा। एडवोकेट मदन मोहन पांडेय उत्तर प्रदेश सरकार के अपर महाधिवक्ता भी रह चुके हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)