रामपुर में बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन:पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग, हड़ताल की चेतावनी दी
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बुधवार शाम पंजाब नेशनल बैंक की सिविल लाइंस शाखा के सामने बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला संयोजक कामरेड धनराज के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सभी बैंकों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की पुरजोर मांग उठाई। कर्मचारियों ने परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) में संशोधन, स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों की भुगतान व्यवस्था में बदलाव तथा नई पेंशन योजना के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की भी मांग की। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि केंद्र सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। यूनियन द्वारा तय की गई रूपरेखा के अनुसार, 28 सितंबर को पीएनबी सिविल लाइंस, 29 को स्टेट बैंक की मुख्य शाखा (सुबह 10 बजे) और 30 सितंबर को बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सभी कर्मचारियों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की गई। बुधवार के प्रदर्शन में जगमोहन अग्रवाल, एमके चौहान, आशुतोष गुप्ता, सरजू कुमार और पूर्व क्षेत्रीय सचिव अरविंद कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न बैंकों के दर्जनों अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)