रामपुर में जमीनी विवाद में दुकानदार की हत्या,3 आरोपी गिरफ्तार:डेढ़ साल पहले खरीदी जमीन की रकम को लेकर चल रही थी रंजिश
रामपुर के सिविल लाइंस क्षेत्र के विजेईया गांव में परचून दुकानदार पूरन की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार शाम तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और खुखरी भी बरामद की है। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने मामले का खुलासा किया। 2 अक्टूबर की रात हुई थी हत्या सीओ सिटी के मुताबिक, पूरन की हत्या 2 अक्टूबर की रात की गई थी। 3 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे परिजनों को घटना की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के बेटे बब्लू की तहरीर पर उसी दिन सिविल लाइंस थाने में पंजाबनगर निवासी सगे भाइयों नरपत और मक्खन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में तीसरे आरोपी का नाम सामने आया हत्या की जांच के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई थीं। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पंजाबनगर निवासी बंशीधर पुत्र कल्याण सिंह का नाम भी सामने आया। पुलिस के अनुसार, मृतक पूरन ने करीब डेढ़ साल पहले बंशीधर से गांव के पास जमीन खरीदी थी। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। बुधवार को सिविल लाइंस पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुरादाबाद-बरेली हाईवे पर नवीगंज गांव के फ्लाईओवर के पास से नरपत, मक्खन और बंशीधर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, नरपत और बंशीधर की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक चाकू और एक खुखरी बरामद हुई। जमीन की रकम को लेकर रंजिश का दावा पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हत्या की वजह जमीन का विवाद सामने आया है। बताया गया कि पूरन ने बंशीधर को विश्वास में लेकर उसकी जमीन सस्ते में खरीदने की बात की थी। जमीन की रकम का भुगतान नहीं होने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और रंजिश चल रही थी। पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश में पूरन की हत्या की गई। सीओ सिटी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों व साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)