रामपुर में जनरल स्टोर संचालक की गला रेतकर हत्या:दुकान के पास धान के खेत में मिला शव, बेटे ने चाचा पर जताया शक
रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह जनरल स्टोर संचालक पूरन (45) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह करीब 6 बजे दुकान के पास धान के खेत में उनका शव पड़ा मिला। गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। शव मिलने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएचओ, सीओ और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के साथ फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। डेढ़ साल पहले जमीन खरीदकर बनाई थी दुकान पूरन ने करीब डेढ़ साल पहले गांव के बाहर जमीन खरीदकर जनरल स्टोर की दुकान बनाई थी। बताया गया कि वह रात में दुकान पर ही सोते थे। शनिवार सुबह दुकान के पास धान के खेत में उनका शव मिला। घटनास्थल पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं।
पत्नी गृहिणी, दो बेटे और एक बेटी पूरन की पत्नी लक्ष्मी (40) गृहिणी हैं। परिवार में तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा बबलू (20) गाड़ी चलाता है। दूसरा बेटा बॉबी (17) और बेटी अर्चना (16) पंजाब नगर स्थित स्कूल में पढ़ते हैं। बॉबी और अर्चना कक्षा नौ के छात्र हैं। हत्या की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बेटे का आरोप-चाचा पर शक मृतक के बेटे बबलू ने बताया कि पिता की गर्दन चाकू से कटी हुई थी और चाकू मौके पर पड़ा था। उसने आरोप लगाया कि आसपास चाकू से वार किए गए हैं। बबलू ने जमीन के विवाद को हत्या की वजह बताते हुए गांव के ही नरपत सिंह पर शक जताया है। उसका कहना है कि इसी जमीन को पिता ने बांसी से खरीदा था और नरपत सिंह उनके चाचा हैं। पुलिस ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा हत्या का राज अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि पूरन का शव दुकान के पास धान के खेत में मिला है। गले पर धारदार हथियार से वार के निशान हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। पुलिस तहरीर और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)