रामपुर में NHM कर्मचारियों का धरना:बोले- सरकारी कर्मचारियों जैसा काम, फिर वेतन में अंतर क्यों? अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान
रामपुर में समान कार्य के बदले समान वेतन की मांग को लेकर एनएचएम कर्मचारियों ने गुरुवार को जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह के कार्यालय के बाहर धरना दिया। कर्मचारी सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धरने पर बैठे। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह से दोबारा अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का ऐलान किया है। धरना दे रहे एनएचएम कर्मचारियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग में उनसे सरकारी कर्मचारियों के समान काम लिया जा रहा है। जिम्मेदारियां भी निभाई जा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद वेतन में अंतर है। कर्मचारियों ने सवाल उठाया कि जब कार्य और जिम्मेदारी समान है तो वेतन अलग क्यों रखा जा रहा है। कर्मचारियों ने इस संबंध में सीएमओ डॉ. दीपा सिंह को ज्ञापन देकर अपनी मांग से अवगत कराया। मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात एनएचएम कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन मिलने से आंदोलन समाप्त नहीं होगा। समान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था लागू करने की घोषणा के बाद ही धरना खत्म किया जाएगा। कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह सीएमओ कार्यालय पहुंचकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने और सेवाएं नहीं देने की बात कही है। सीएमओ बोलीं- वेतन बढ़ाना हमारे स्तर से संभव नहीं जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा सिंह ने कहा कि एनएचएम के संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति अलग व्यवस्था के तहत होती है। संविदा कर्मचारियों का वेतन उनके स्तर से नहीं बढ़ाया जा सकता। उन्होंने कहा कि जिस कंपनी के तहत कर्मचारियों का कॉन्ट्रैक्ट है, वही उनके वेतन को लेकर कोई बेहतर निर्णय कर सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)