रामपुर में सेवा संकल्प अभियान जारी:ग्रामीणों को मतदान अधिकार प्रति चेताया, जनकल्याणकारी योजनाओं की मिली जानकारी
रामपुर में मतदाता जागरूकता थीम के तहत सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सैदनगर विकासखंड में ग्रामीणों को मतदान के अधिकार, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। 21 से 27 सितंबर तक चल रहे अभियान में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत ग्रामीणों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, सूची में अपना नाम जांचने और निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अन्य लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करने का संदेश दिया गया। अभियान की प्रगति के अनुसार, 25 सितंबर तक आयोजित कार्यक्रमों में 451 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए 109 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि शिविर अवधि में 102 आवेदन स्वीकृत किए गए। स्वास्थ्य मेले में 47 रोगियों को लाभ मिला। कार्यक्रमों से संबंधित 95 फोटो और छह वीडियो भी संकलित किए गए। अभियान शुरू होने से अब तक 2,590 लोगों की सहभागिता दर्ज की गई है, जबकि विभिन्न योजनाओं के लिए 780 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के साथ मतदाता जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनभागीदारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी सैदनगर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ नागरिकों में जागरूकता और सहभागिता बढ़ाना है। उन्होंने ग्रामीणों से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और मतदान के महत्व तथा लोकतांत्रिक दायित्वों के प्रति परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)