रामपुर में श्री राम महोत्सव आयोजित:रासलीला और जानकी जन्म का मंचन, भक्तिरस के सागर में डूबे श्रद्धालु
रामपुर में उत्सव पैलेस रामलीला मैदान में श्री सनातन रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित श्री राम महोत्सव में बुधवार को धार्मिक लीलाओं का मनोहारी मंचन हुआ। सुबह से देर रात तक चले कार्यक्रम में रासलीला, चैतन्य महाप्रभु लीला, बाल माधुरी तथा श्रीराम जन्म और जानकी जन्म की लीलाओं ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में डुबो दिया। सुबह श्री रासलीला में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का मंचन किया गया। भक्ति, प्रेम और समर्पण से जुड़े प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही चैतन्य महाप्रभु की लीला के माध्यम से भगवान के नाम-स्मरण और भक्ति का संदेश दिया गया। बाल माधुरी लीला में बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रात्रि में श्रीराम जन्म की लीला का मंचन हुआ। भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग आते ही रामलीला मैदान ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंज उठा। इसके बाद श्रीराम की बाल लीलाओं का सुंदर मंचन किया गया। मंचन में श्री जानकी जन्म की लीला भी प्रमुख आकर्षण रही। राजा जनक के यहां माता सीता के प्राकट्य और मिथिला में छाए उत्सव के वातावरण को कलाकारों ने जीवंत कर दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)