रामपुर में सुबह साढ़े पांच बजे घना कोहरा और ठंड:धूप निकलने पर कोहरा छंटा, दिन में तापमान में गर्माहट महसूस हुई
रामपुर। जिले में मौसम ने रविवार सुबह अचानक करवट बदली। सुबह करीब 5:30 बजे शहर और आसपास के इलाकों में कोहरे की चादर नजर आई। ठंड का असर भी पिछले दिनों की अपेक्षा ज्यादा महसूस हुआ। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने मौसम में बदलाव को सर्दी की दस्तक बताया। हालांकि सूरज निकलने के साथ ही कोहरा तेजी से छंटने लगा और करीब 8 बजे तक अधिकांश इलाकों में कोहरा पूरी तरह गायब हो गया। सुबह करीब 5:30 बजे पहाड़ी गेट बिलासपुर गेट, आगापुर, समेत शहर के कई हिस्सों में कोहरा अधिक दिखाई दिया। दिल्ली-नैनीताल हाईवे-87 और दिल्ली-लखनऊ हाईवे-24 पर भी कोहरे का असर नजर आया। इसके अलावा कोसी नदी और शहर के मुख्य नालों के आसपास कोहरा अपेक्षाकृत अधिक रहा। पानी वाले क्षेत्रों के आसपास दृश्यता कम नजर आई, जबकि खुले और सड़क वाले हिस्सों में कोहरा धीरे-धीरे कम होता गया। पहाड़ी गेट निवासी चांद खान ने बताया कि वह सुबह करीब 5:30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। उस समय काफी कोहरा था और ठंड भी ज्यादा महसूस हो रही थी। सूरज की किरणें निकलने के साथ ही कोहरा कम होने लगा और मौसम में गर्माहट महसूस हुई। उधर, अम्मा गेट पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले फरीद ने बताया कि अब मौसम ठंडा होने लगा है। सुबह हल्का कोहरा भी दिखाई दिया। मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है और सर्दी आने का एहसास होने लगा है। करीब 7:30 बजे तक कोहरा काफी कम हो गया था। इसके बाद धूप तेज होने पर जमीन तक पहुंची सूर्य की किरणों से वातावरण में गर्माहट बढ़ती चली गई। सुबह की ठंडक के बाद दिन चढ़ने के साथ लोगों को राहत महसूस हुई। मौसम के इस बदलाव से साफ है कि रामपुर में अब तापमान धीरे-धीरे नीचे जाने लगा है और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ रहा है। हालांकि दिन में धूप निकलने के बाद गर्माहट अभी बनी हुई है। आने वाले दिनों में सुबह और रात के तापमान में और गिरावट आने पर ठंड का असर बढ़ सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)