रूरा चोरी का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल:मंत्री की नाराजगी के 6 दिन बाद दो गिरफ्तार, गहने और हथियार बरामद
कानपुर देहात के रूरा कस्बे में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चार अक्टूबर सुबह करीब 4 बजे पुलिस और चोरी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, असलहा और घटना में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई है। दरअसल, 21 सितंबर को रूरा कस्बे में महेश तिवारी के घर में दिन के करीब 11 बजे अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। तहरीर के आधार पर रूरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया था। इसमें अकबरपुर एसएचओ, रूरा थाना पुलिस और सर्विलांस-एसओजी टीम को लगाया गया था। इस चोरी की घटना को लेकर 28 सितंबर को सदर विधायक और योगी सरकार में मंत्री प्रतिभा शुक्ला भी एसपी कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने अपने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों पर नाराजगी जताते हुए जल्द खुलासे की मांग की थी। एसपी ने उन्हें जल्द घटनाओं का खुलासा करने का आश्वासन दिया था। तीनों आरोपियों को रोकने का प्रयास किया गया अब छह दिन बाद पुलिस ने इसी चोरी के मामले में कार्रवाई का दावा किया है। क्षेत्राधिकारी अकबरपुर संजय सिंह के मुताबिक चार अक्टूबर को रूरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल तीन आरोपी बनीपारा से सिठमरा की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने लक्ष्मणपुरवा गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार स्कूटी सवार तीनों आरोपियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे स्कूटी मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान स्कूटी फिसलने से तीनों गिर गए। पुलिस का दावा है कि एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में हिमांशु गौतम घायल हो गया। वहीं अविनाश और अजय को पुलिस ने पकड़ लिया। घायल हिमांशु को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से चोरी के आभूषण, असलहा और स्कूटी बरामद हुई है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)