राष्ट्रीय शर्करा संस्थान का 91वां स्थापना दिवस 15 अक्टूबर को:राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि होंगी, गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी भी आएंगे

Oct 13, 2026 - 20:55
0
राष्ट्रीय शर्करा संस्थान का 91वां स्थापना दिवस 15 अक्टूबर को:राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि होंगी, गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी भी आएंगे
कानपुर के राष्ट्रीय शर्करा संस्थान (NSI) में 15 अक्टूबर को 91वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। कल्याणपुर स्थित संस्थान परिसर में सुबह 11 बजे होने वाले समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि होंगी। वहीं, प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रगतिशील गन्ना किसानों के साथ संस्थान के पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों और वैज्ञानिकों को सम्मानित किया जाएगा। संस्थान की निदेशक डॉ. सीमा परोहा ने बताया कि संस्थान की स्थापना अक्टूबर 1936 में हरकोर्ट बटलर टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट (HBTI) के शर्करा अनुभाग को अलग करके इंपीरियल इंस्टीट्यूट ऑफ शुगर टेक्नोलॉजी के रूप में की गई थी। स्वतंत्रता के बाद इसका नाम इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ शुगर टेक्नोलॉजी रखा गया। वर्ष 1957 में इसे राष्ट्रीय शर्करा संस्थान नाम दिया गया और 1963 में कल्याणपुर स्थित 525 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल वाले परिसर में स्थानांतरित किया गया। उन्होंने बताया कि संस्थान चीनी, एथेनॉल, सह-उत्पादों और जैव-ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी विशेषज्ञ तैयार करने के साथ अनुसंधान और परामर्श सेवाएं भी प्रदान करता है। स्थापना दिवस पर वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, आधुनिक जल प्रबंधन और उन्नत गन्ना किस्मों के जरिए बेहतर पैदावार हासिल करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह के साथ ‘CPCB के व्यापक चार्टर-2.0: जल संरक्षण एवं प्रदूषण की रोकथाम’ विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी भी होगी। इसमें चीनी और आसवनी उद्योगों के अधिकारियों व तकनीकी कर्मचारियों को अपशिष्ट जल उपचार संयंत्रों के संचालन, उपचारित जल के पुनः उपयोग, जल संरक्षण और शून्य तरल-निष्कासन (ZLD) के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य औद्योगिक प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User