रायबरेली में 15-20 दिन से टूटी पाइपलाइन:सड़क पर जलभराव और कीचड़; 1500 घरों के लोग परेशान
रायबरेली नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-4 स्थित कल्लू का पुरवा मोहल्ले में विकास के दावों के बीच बदहाली सामने आ रही है। यहां पिछले 15 से 20 दिनों से पाइपलाइन टूटी पड़ी है। इससे सड़क पर पानी और कीचड़ जमा है। करीब 1500 घरों की आबादी वाले मोहल्ले में प्रवेश का मुख्य मार्ग भी जर्जर हो चुका है। सड़क पर फैले पानी और कीचड़ के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। आए दिन राहगीरों और छोटे बच्चों के गिरकर चोटिल होने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी नगर पालिका प्रशासन को होने के बावजूद अब तक समाधान नहीं कराया गया। एक साल से सड़क निर्माण का इंतजार मोहल्लेवासियों का कहना है कि मुख्य मार्ग के निर्माण के लिए वे पिछले एक वर्ष से प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे रहे हैं। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने क्षेत्र के चौमुखी विकास का वादा किया था, लेकिन कार्यकाल के तीन-चार साल बीतने के बाद भी स्थिति में बदलाव नहीं आया। नालियों की नियमित सफाई और सड़क निर्माण भी नहीं कराया गया। ‘15-20 दिन से लोग परेशान हैं, कोई सुनने वाला नहीं’ क्षेत्र निवासी मोहम्मद नाजिम ने बताया कि 15 से 20 दिन से पाइपलाइन टूटी पड़ी है। लोगों का निकलना-चलना मुश्किल हो गया है। बच्चे और बुजुर्ग लगातार गिर रहे हैं। उनके मुताबिक नगर पालिका अध्यक्ष सत्रोहन सोनकर से दो-तीन बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार समस्या ठीक कराने का आश्वासन मिला। अब तक काम नहीं हुआ। जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रदर्शन की चेतावनी स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में करीब 2000 परिवार परेशान हैं। उन्होंने टूटी पाइपलाइन की मरम्मत, नालियों की सफाई और जर्जर सड़क का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विरोध-प्रदर्शन करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)