रायबरेली में श्रद्धा से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती:DM ने किया माल्यार्पण और श्रद्धांजलि, महापुरुषों को किया नमन
रायबरेली राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पूरे जनपद में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने ध्वजारोहण के बाद महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित देशभक्ति एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति से वातावरण भावपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सत्याग्रह के माध्यम से देश को नई दिशा दी, वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की मिसाल कायम की। दोनों महापुरुषों के आदर्श आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के सिद्धांतों को केवल जयंती तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को उनके आदर्शों को साथ लेकर विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का जन्मदिन एक साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर सभी लोग एकत्र होकर परंपरागत रूप से माल्यार्पण, पुष्पांजलि और भजन गायन के माध्यम से दोनों महापुरुषों को नमन कर रहे हैं। उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है और हमें उनके सिद्धांतों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश और समाज के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। गांधी जयंती और शास्त्री जयंती का आयोजन पूरे जनपद में किया गया। जिला अस्पताल पुरुष एवं जिला महिला अस्पताल में भी कार्यक्रम आयोजित कर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)