रिंकू सिंह का लापता डॉगी ब्रूडो मिला:अलीगढ़ में 4 दिन बाद लौटा रिंकू सिंह का ब्रूडो,सोनू को देखते ही गले लगा; बहन नेहा की पोस्ट आई काम
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के परिवार का चार दिन से लापता पालतू डॉगी ब्रूडो शुक्रवार को सकुशल मिल गया। गांव पिखलौनी में एक परिवार के पास मौजूद ब्रूडो ने अपने मालिक के बड़े भाई सोनू को देखते ही पहचान लिया और उनसे लिपट गया। उसे इस तरह वापस मिलता देख सोनू भी भावुक हो गए। शुक्रवार दोपहर ब्रूडो को घर लाया गया तो परिवार में खुशी छा गई। सोनू के मुताबिक, ब्रूडो को तलाशने में पुलिस की मदद नहीं ली गई। बहन नेहा सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट और लोगों के सहयोग से ही उसका पता चल सका।
सोनू ने बताया कि ब्रूडो 12 अक्टूबर की सुबह घर से लापता हो गया था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार को नेहा सिंह ने सोशल मीडिया पर ब्रूडो की फोटो साझा कर लोगों से उसे तलाशने में मदद मांगी थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे सोनू के एक परिचित का फोन आया। उसने बताया कि ओजोन सिटी से करीब पांच किलोमीटर दूर पीएसी की 45वीं वाहिनी के पीछे स्थित गांव पिखलौनी में एक परिवार के पास ब्रूडो जैसा दिखने वाला डॉगी है।
देखते ही सोनू से लिपट गया ब्रूडो
सूचना मिलते ही सोनू चार-पांच साथियों के साथ गांव पिखलौनी पहुंच गए। वहां परिवार से बात कर डॉगी को दिखाने का अनुरोध किया। शुरुआत में परिवार ने थोड़ी आनाकानी की, लेकिन बाद में ब्रूडो को सामने लाया गया। सोनू को देखते ही ब्रूडो उनसे लिपट गया। इस प्रतिक्रिया से सोनू को भी यकीन हो गया कि वह उनका ही डॉगी है।
परिवार ने बताया कि उनके बच्चे ओजोन सिटी के पास एक स्कूल में पढ़ने जाते हैं। इसी दौरान उन्हें ब्रूडो ओजोन सिटी से करीब दो से ढाई किलोमीटर दूर खेलता हुआ मिला था। वे उसे अपने साथ घर ले आए। पिछले तीन-चार दिनों से ब्रूडो उन्हीं के पास था।
रिंकू को भी दी जानकारी, नेहा ने जताया आभार
सोनू ने बताया कि ब्रूडो के मिलने की जानकारी फोन पर रिंकू सिंह को भी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा होने के बाद लोगों ने मदद की और इसी से ब्रूडो का पता चला। परिवार ने सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
वहीं, नेहा सिंह ने भी ब्रूडो के सुरक्षित वापस मिलने पर सोशल मीडिया पोस्ट साझा कर खुशी जाहिर की। उन्होंने उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने सूचना देने से लेकर ब्रूडो की वापसी तक परिवार का साथ दिया। नेहा ने अपनी इंस्टाग्राम फैमिली और शुभचिंतकों के प्यार व सहयोग के लिए भी आभार जताया। चार दिन की बेचैनी के बाद ब्रूडो की घर वापसी से परिवार ने राहत की सांस ली है। परिवार से कोई शिकवा नहीं: सोनू सिंह
सोनू सिंह ने कहा कि डॉगी लौटाने वाले परिवार की पहचान उजागर नहीं की जाएगी। परिवार ने हंसी-खुशी डॉगी वापस कर दिया, इसलिए कोई शिकवा-शिकायत नहीं है। बच्चे गलती से डॉगी ले गए थे। हमें हमारा डॉगी मिल गया, अब किसी से कोई शिकायत नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)