रियाद से लखनऊ का किराया हुआ 1.04 लाख:पांच गुना महंगे हुए टिकट,18 अक्टूबर से बहाल होंगी सीधी उड़ानें, 14 हजार से अधिक यात्रियों के फंसे होने की आशंका
रियाद से लखनऊ लौटना अब यात्रियों की जेब पर भारी पड़ रहा है। सीधी उड़ानों का संचालन बाधित होने के बीच हवाई किराया पांच गुना से ज्यादा बढ़ गया है। हालात यह हैं कि रियाद से लखनऊ आने के लिए यात्रियों को एक लाख रुपये से अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। फ्लाइनास की एक सीधी उड़ान का किराया 1,04,850 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य दिनों में इसका टिकट 20 से 22 हजार रुपये के बीच मिलता है। राहत की बात यह है कि 18 अक्टूबर से रियाद और लखनऊ के बीच सीधी उड़ानें बहाल होने की उम्मीद है। वहीं, कनेक्टिंग उड़ानों के टिकट अभी भी करीब 17 हजार से 48 हजार रुपये के बीच उपलब्ध हैं। युद्ध और हमलों के कारण उड़ानें प्रभावित ईरान और अमेरिका के बीच जारी युद्ध के बीच सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों के कारण विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इसके चलते रियाद से आने-जाने वाली उड़ानों का संचालन बाधित है। बड़ी संख्या में लखनऊ के यात्रियों के रियाद में फंसे होने की आशंका है। अब सीधी उड़ानें बहाल होने पर यात्रियों की वापसी शुरू हो सकेगी, लेकिन इसके लिए उन्हें सामान्य दिनों के मुकाबले काफी ज्यादा किराया चुकाना पड़ सकता है। लखनऊ से रियाद जाने में भी महंगा सफर रियाद से लखनऊ आने के साथ ही लखनऊ से रियाद जाने वाली कुछ सीधी उड़ानों का किराया भी काफी बढ़ गया है। फ्लाइनास की उड़ान XY-334 सुबह 8:30 बजे लखनऊ से रवाना होकर 11:05 बजे रियाद पहुंचती है। 18 अक्टूबर को इसका टिकट 37,847 रुपये में मिल रहा है। वहीं, फ्लाइनास की दूसरी उड़ान XY-320 शाम 5:10 बजे अमौसी एयरपोर्ट से उड़ान भरकर शाम 7:45 बजे रियाद पहुंचती है। इसका किराया बढ़कर 94,440 रुपये हो गया है। कनेक्टिंग उड़ानों से सफर करना सस्ता सीधी उड़ानों के मुकाबले कनेक्टिंग फ्लाइट से रियाद जाना फिलहाल सस्ता पड़ रहा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की बंगलूरू के रास्ते रियाद जाने वाली कनेक्टिंग उड़ान का किराया 19,935 रुपये है। यह विमान सुबह 9:25 बजे लखनऊ से रवाना होकर अगले दिन सुबह 10:30 बजे रियाद पहुंचता है। इसी तरह अन्य कनेक्टिंग उड़ानों के टिकट 20,480 रुपये से 21,013 रुपये के बीच उपलब्ध हैं। कुछ कनेक्टिंग उड़ानों का किराया अधिक होने के बावजूद यात्रियों के पास सीधी उड़ानों के मुकाबले सस्ते विकल्प मौजूद हैं। रियाद में 14 हजार से अधिक यात्रियों के फंसे होने की आशंका एयरलाइन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ से बड़ी संख्या में लोग रोजगार के सिलसिले में रियाद जाते हैं। पिछले पांच दिनों से विमान सेवाएं बाधित होने के कारण वहां 14 हजार से अधिक यात्रियों के फंसे होने की आशंका है। 18 अक्टूबर से सीधी उड़ानें बहाल होने के बाद यात्रियों की वापसी धीरे-धीरे शुरू होने की उम्मीद है। हालांकि, बढ़े हुए किराये के कारण यात्रियों को वापसी के लिए पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)