RPF थाने से भागा चोर 30 घंटे में गिरफ्तार:प्रयागराज में RPF थाने से फरार हुआ था लेकिन घर नहीं गया, GRP ने पकड़ा

Oct 07, 2026 - 20:46
0
RPF थाने से भागा चोर 30 घंटे में गिरफ्तार:प्रयागराज में RPF थाने से फरार हुआ था लेकिन घर नहीं गया, GRP ने पकड़ा
प्रयागराज के रामबाग RPF थाने से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हुआ चोरी का आरोपी मोनू आखिरकार बुधवार दोपहर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घटना के करीब 30 घंटे बाद GRP ने उसे झूंसी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, थाने से भागने के बाद मोनू अपने घर नहीं गया था, लेकिन वह लगातार घरवालों के संपर्क में था। इसी सुराग के आधार पर GRP की टीमें उसके संभावित ठिकानों तक पहुंचीं और कई जगह दबिश देने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मंगलवार सुबह रामबाग RPF थाने से टॉयलेट जाने की बात कहकर भाग निकला था। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात दो RPF जवानों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं GRP ने आरोपी मोनू समेत दोनों जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घर नहीं गया, परिवार के संपर्क में रहा GRP प्रयागराज प्रभारी इंस्पेक्टर अकलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई थीं। घटना के बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की। सुरागरशी के दौरान पुलिस को पता चला कि मोनू अपने घर तो नहीं गया, लेकिन घरवालों के संपर्क में बना हुआ था। इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान उसके झूंसी में होने की जानकारी मिली। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे GRP की टीम ने उसे झूंसी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। 5 अक्टूबर को लोहा चोरी में पकड़ा गया था GRP प्रभारी के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि मोनू को पांच अक्टूबर को लोहा चोरी के मामले में गिरफ्तार कर रामबाग RPF थाने लाया गया था। उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। छह अक्टूबर की सुबह उसे अदालत में पेशी के लिए ले जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान मोनू ने बाथरूम जाने की बात कही और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से फरार हो गया। आरोपी के भागने के बाद RPF और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगाई गई थीं। दो RPF जवान पहले ही हो चुके हैं निलंबित आरोपी के थाने से फरार होने के मामले में ड्यूटी पर तैनात सिपाही सुरेंद्र गौतम और हेड कांस्टेबल राम नगीना को निलंबित किया जा चुका है। घटना के बाद RPF इंस्पेक्टर दयाशंकर यादव की तहरीर पर GRP ने आरोपी मोनू और दोनों RPF जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे यह भी पूछताछ कर रही है कि थाने से भागने के बाद वह किन-किन लोगों के संपर्क में रहा और फरारी के दौरान कहां-कहां रुका था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User