रसोइया को सांप ने डसा, खेत मालिक ने बचाई जान:हरदोई में 10 मिनट में 8 किमी का सफर बाइक से तय कर अस्पताल पहुंचाया
हरदोई सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे महिला को सांप ने डसा था। डॉक्टर की देखरेख में रात तक उनका इलाज चलता रहा। जिससे उनकी हालत में सुधार आया। शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिठारी के मजरा भत्तापुरवा निवासी 56 वर्षीय सरला देवी प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के रूप में कार्यरत हैं। करीब एक माह पहले उनके पति राजबहादुर का निधन हो चुका है। परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्होंने 12 बीघा खेत बटाई पर ले रखा है, जिसमें गांव के ही सुधीर पांडेय का खेत भी शामिल है। सोमवार की दोपहर करीब तीन बजे सरला देवी अपने बेटे लाल बिहारी के साथ खेत में धान की बालियां काट रही थीं। इसी दौरान मेंढ के पास काम करते समय एक जहरीले सांप ने उनके पैर की उंगली पर डस लिया। जहर का असर इतनी तेजी से हुआ कि सरला देवी बेहोश होकर गिर गईं।
घटना के वक्त खेत में मौजूद मालिक सुधीर पांडेय ने घबराने के बजाय अनुकरणीय तत्परता दिखाई। उन्होंने बिना एक पल गंवाए सरला देवी को अपनी बाइक पर बैठाया। उनके साथ सरला के भतीजे राकेश भी पीछे बैठ गए। सुधीर ने अपनी बाइक को तेजी से दौड़ाते हुए महज 10 मिनट में 8 किलोमीटर का सफर तय कर सरला को सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया। इस दौरान एक दिल को छू लेने वाला नजारा देखने को मिला। डॉक्टर की सलाह पर बेटे लाल बिहारी ने अपनी मां को होश में रखने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी। वह लगातार मां के पैर दबाते और सहलाते रहे। इमोशनल डॉ. शेर सिंह ने बताया कि सांप काटने के मामलों में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। सरला के मामले में सुधीर की सूझबूझ से समय पर अस्पताल पहुंचना वरदान साबित हुआ। समय रहते एंटीवेनम और इलाज मिलने से उनकी जान बच गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)