RTE में दाखिला नहीं देने वालों की मान्यता होगी रद्द:एडीएम सिटी ने 20 स्कूलों के प्रधानाचार्य व प्रबंधकों को दी चेतावनी
शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत आवंटित बच्चों को दाखिला देने में आनाकानी करने वाले 20 निजी स्कूल प्रशासन के निशाने पर आ गए हैं। मंगलवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में समीक्षा बैठक के दौरान एडीएम (सिटी) सौरभ सिंह ने संबंधित स्कूलों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित प्रवेश तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, अन्यथा विद्यालयों की मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। एडीएम सिटी ने की समीक्षा बैठक में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए आरटीई के तहत बच्चों के प्रवेश की समीक्षा की गई। एडीएम सिटी ने कहा कि आरटीई के तहत आवंटित पात्र बच्चों को प्रवेश देना स्कूलों का वैधानिक दायित्व है। इसके बावजूद बच्चों और उनके अभिभावकों को दाखिले के लिए परेशान करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रवेश प्रक्रिया में टालमटोल या मनमानी करने वाले स्कूलों पर कार्रवाई होगी। जनता दर्शन में पहुंच रहीं शिकायतें एडीएम सिटी ने कहा कि जिलाधिकारी के जनता दर्शन में अक्सर शिकायतें आती हैं कि निजी विद्यालय आरटीई के प्रावधानों का पालन नहीं कर रहे और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को प्रवेश नहीं दे रहे हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रबंधन को अंतिम चेतावनी दी गई है। शासन की प्राथमिकता कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है और किसी भी पात्र बच्चे को उसके शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। इन स्कूलों को दी गई चेतावनी प्रशासन ने डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर के एन ब्लॉक किदवई नगर, ए-2 ब्लॉक किदवई नगर, श्याम नगर और जाजमऊ परिसरों के साथ डॉ. वीरेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल के कल्याणपुर, सिविल लाइंस, कैंट और गोविंद नगर परिसरों को चेतावनी दी। इसके अलावा केम्ब्रिज हाईस्कूल सिविल लाइंस, एनएलके पब्लिक स्कूल विष्णुपुरी, एनएलके पब्लिक स्कूल लिटिल स्टेप जवाहर नगर, एनएलके वेद स्कूल खलासी लाइन, तेजस हाईस्कूल नागरजी, ऐलन हाउस पब्लिक स्कूल रूमा और खलासी लाइन, सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल कैंट, जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल मैनावती मार्ग, चिल्ड्रन्स स्कूल रतनलाल नगर, यूनाइटेड पब्लिक स्कूल सिविल लाइंस और डीपीएस कल्याणपुर को भी लंबित दाखिले तत्काल पूरे करने के निर्देश दिए गए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)