सहारनपुर में सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन हुई:प्राची चौधरी की मौजूदगी में 5, 10 और 21 किमी दौड़ में जुटे प्रतिभागी

Oct 04, 2026 - 16:56
0
सहारनपुर में सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन हुई:प्राची चौधरी की मौजूदगी में 5, 10 और 21 किमी दौड़ में जुटे प्रतिभागी
सहारनपुर के एयर फोर्स स्टेशन सरसावा में रविवार सुबह 11 बजे सेखों इंडियन एयर फोर्स मैराथन-2026 (SIM-26) का आयोजन किया गया। मैराथन फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों की वीरता और शहादत को समर्पित रही। प्रतिभागियों ने दौड़ के जरिए फिटनेस, अनुशासन और देशभक्ति का संदेश दिया। मैराथन में एयर फोर्स स्टेशन सरसावा के एयर वॉरियर्स, उनके परिवारों के साथ आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों ने भी हिस्सा लिया। ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण कराने वाले प्रतिभागियों के लिए 5 किमी, 10 किमी और 21 किमी की तीन श्रेणियां रखी गई थीं। एयर फोर्स स्टेशन सरसावा के एयर ऑफिसर कमांडिंग एयर कमोडोर संदीप सिंह ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में हाल ही में जापान में आयोजित एशियाई खेल-2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय स्प्रिंटर प्राची चौधरी भी मौजूद रहीं। उन्होंने महिलाओं की 4x400 मीटर रिले में स्वर्ण और 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर दो पदक हासिल किए हैं। सहारनपुर के पास झाबिरन गांव की रहने वाली प्राची की मौजूदगी से प्रतिभागियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने भी मैराथन को हरी झंडी दिखाई। फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों 1971 के भारत-पाक युद्ध में अदम्य साहस के लिए मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किए गए थे। वह भारतीय वायु सेना के एकमात्र परमवीर चक्र विजेता अधिकारी हैं। मैराथन का उद्देश्य भारतीय वायु सेना की वीरता, अनुशासन और जज्बे को सम्मान देने के साथ लोगों में फिटनेस और राष्ट्रभक्ति की भावना बढ़ाना था। दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को एयर ऑफिसर कमांडिंग ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User