रुदौली में 1930 में बने जर्जर PHC का होगा पुनर्निर्माण:भूमि की जांच पूरी, जल्द शुरू होगा नए भवन का निर्माण
अयोध्या जिले के रुदौली नगर में किला चौकी के बगल स्थित जर्जर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। शासन ने नए भवन के लिए 3.72 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। रविवार शाम कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (CDS) की टीम ने प्रस्तावित निर्माण स्थल की भूमि की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। वर्ष 1930 में बने इस स्वास्थ्य केंद्र का भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। स्थानीय लोगों को इलाज के लिए करीब तीन किलोमीटर दूर सीएचसी खैरनपुर जाना पड़ता है। नया भवन बनने से रुदौली नगर और आसपास के लोगों को नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। शासन ने 3.72 करोड़ रुपये किए स्वीकृत पीएचसी के नए भवन के निर्माण की जिम्मेदारी कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज को सौंपी गई है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव चंद्रशेखर मिश्र ने 13 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया था। बजट स्वीकृत होने के बाद कार्यदायी संस्था ने निर्माण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विधायक ने गुणवत्ता का ध्यान रखने के दिए निर्देश रविवार शाम भूमि की जांच के दौरान क्षेत्रीय विधायक भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवन का निर्माण बेहतर तरीके से कराया जाए, ताकि लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। तीन किलोमीटर दूर जाना पड़ता है इलाज कराने स्थानीय निवासी इदरीश राम कुमार, रजित राम लोधी और शिवकुमार ने बताया कि मौजूदा समय में इलाज के लिए करीब तीन किलोमीटर दूर सीएचसी खैरनपुर जाना पड़ता है। इससे मरीजों को परेशानी होती है। नया भवन बनने से नगरवासियों को पास में ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और दूर जाने की जरूरत कम होगी। भूमि की जांच पूरी, जल्द शुरू होगा काम निरीक्षण के दौरान सीएंडडीएस के अवर अभियंता कुलदीप और सहायक अभियंता अजय सिंह मौजूद रहे। सहायक अभियंता अजय सिंह ने बताया कि निर्माण स्थल की भूमि की जांच पूरी कर ली गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)