साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए:साइबर एक्सपर्ट रक्षित टंडन ने डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से किया अलर्ट
बांदा में मिशन शक्ति अभियान के फेज-6 के तहत गुरुवार को जिले के स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में आयोजित अभियान के दौरान साइबर एक्सपर्ट रक्षित टंडन ने ऑनलाइन लाइव प्रसारण के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को साइबर सुरक्षा की महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम में ऑनलाइन धोखाधड़ी, ओटीपी फ्रॉड, निवेश के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, फर्जी प्रोफाइल और निजी फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए। छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचने और अपनी निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर एक्सपर्ट ने बताया कि ठग पुलिस, सीबीआई या अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन अथवा वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी का डर दिखाते हैं और पैसे की मांग करते हैं। ऐसी कॉल आने पर घबराएं नहीं और किसी के खाते में पैसे ट्रांसफर न करें। फोन या वीडियो कॉल के जरिए वास्तविक डिजिटल अरेस्ट नहीं किया जा सकता। सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने के लिए मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करने तथा ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह भी दी गई। पुलिस ने बताया कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। महिला सुरक्षा के लिए 1090, आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112 और महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी भी दी गई। बांदा पुलिस ने आमजन से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी या उत्पीड़न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)