साइबर ठगी के 3.20 लाख में से 1.60 लाख वापस:मिर्जापुर में ठग ने मेटल सप्लाई की डील का दिया झांसा
मिर्जापुर में साइबर ठगी के एक मामले में थाना कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से ठगे गए 3.20 लाख रुपए में से 1,60,174 रुपए वापस करा दिए। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम का धन्यवाद किया। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन कारोबार के दौरान अनजान लोगों के झांसे में आकर एडवांस भुगतान नहीं करने की अपील की है। जयरामगिरी का बगीचा निवासी रामराजा पुत्र परसोत्तम दास ने 5 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका इंडियामार्ट एप पर रजिस्ट्रेशन था। इसी के जरिए एक व्यक्ति ने उनका मोबाइल नंबर हासिल कर संपर्क किया। आरोपी ने खुद को बड़ौदरा की डीप इंटरप्राइजेज कंपनी से जुड़ा बताया और मेटल सप्लाई की डील का प्रस्ताव दिया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने करीब एक सप्ताह तक बातचीत कर भरोसा कायम किया। इसके बाद उसने इनवॉइस और ट्रांसपोर्टिंग की व्यवस्था कराने की बात कही। माल पहुंचने का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में लिए रुपए पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने बाद में बताया कि माल मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है और उसकी कीमत चुकाने के लिए और रकम की जरूरत है। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में रामराजा से कुल 3.20 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए। रकम लेने के बाद न तो आरोपी ने माल पहुंचाया और न ही पैसे वापस किए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। लेन-देन की जांच कर 1,60,174 रुपए कराए वापस शिकायत मिलने के बाद थाना कोतवाली शहर की साइबर सेल टीम ने बैंक खातों में हुए लेन-देन की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 1,60,174 रुपए होल्ड करा दिए। इसके बाद यह रकम पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने के बाद रामराजा थाना कोतवाली शहर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए अधिकारियों और साइबर सेल टीम को धन्यवाद दिया। 1930 पर तुरंत शिकायत करने की अपील पुलिस टीम ने पीड़ित को साइबर ठगी से बचाव के तरीके भी बताए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन कारोबार में अनजान व्यक्तियों के कहने पर पहले से भुगतान न करें। किसी संदिग्ध लेन-देन या साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। कार्रवाई करने वाली टीम में शहर कोतवाली के थानाध्यक्ष दयाशंकर ओझा और महिला कांस्टेबल पारुल श्रीवास्तव शामिल रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)