साइबर ठगी के पीड़ितों को 3.51 लाख रुपए वापस:मऊ में 2 लाख 4 हजार रुपए की ठगी वाले पीड़ित को पूरी रकम मिली

Oct 02, 2026 - 20:14
0
साइबर ठगी के पीड़ितों को 3.51 लाख रुपए वापस:मऊ में 2 लाख 4 हजार रुपए की ठगी वाले पीड़ित को पूरी रकम मिली
मऊ में साइबर ठगी के शिकार लोगों को राहत मिली है। साइबर पुलिस टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों के पीड़ितों की कुल 3 लाख 51 हजार 724 रुपए की रकम वापस करा दी। पुलिस के अनुसार, पीड़ितों के खातों से फोन कॉल और मोबाइल हैकिंग के जरिए यूपीआई से रकम ठगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर टीमों ने MRM पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए रकम वापस कराई। एक पीड़ित को 2.04 लाख रुपए लौटाए पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण में 2 अक्टूबर को घोसी, कोतवाली नगर, मधुबन और चिरैयाकोट थाना क्षेत्रों की साइबर पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। घोसी थाना क्षेत्र के बड़राव निवासी गिरीश चंद्र राय के खाते से ठगी गई 2 लाख 4 हजार रुपए की पूरी रकम वापस कराई गई। वहीं कोतवाली नगर क्षेत्र के अमित कुमार यादव को 20,500 रुपए वापस मिले। मधुबन में 3 पीड़ितों की रकम वापस मधुबन थाना क्षेत्र के तीन पीड़ितों की कुल 27,642 रुपए की धनराशि वापस कराई गई। इसमें बेला गदायन पट्टी निवासी प्रशान्त यादव के 14,038 रुपए, धरमपुर विशुनपुर निवासी छठ्ठू यादव के 12 हजार रुपए और पंचमहल दरगाह निवासी मिथिलेश राजभर के 1,604 रुपए शामिल हैं। चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के पहाड़पुर मिश्रौली निवासी संध्या चौबे की ठगी गई 99,582 रुपए की रकम भी वापस कराई गई। पुलिस के अनुसार, साइबर टीमों की त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों की ठगी गई धनराशि वापस मिल सकी। ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत एसपी ने लोगों से ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट, निवेश, लोन, पार्ट टाइम जॉब या OTP के नाम पर मांगी जाने वाली जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User