आर्य कन्या कॉलेज में गांधी-शास्त्री जयंती पर रामधुन गूंजी:प्रयागराज में न्यायमूर्ति भी शामिल हुए, बोले-गांधी के सत्य-अहिंसा को जीवन में उतारें
आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में गांधी-शास्त्री जयंती मनाई: रामधुन से गूंजा परिसर, प्रयागराज के आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि से हुई। इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति विपिन चंद्र दीक्षित और न्यायमूर्ति राजीव लोचन मेहरोत्रा ने प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कॉलेज के शासी निकाय के अध्यक्ष पंकज जायसवाल भी मौजूद रहे। रामधुन से गूंजा कॉलेज परिसर कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में ‘रघुपति राघव राजा राम’ की रामधुन गूंजी। रामधुन के साथ परिसर में गांधी जी के विचारों और उनके आदर्शों की चर्चा हुई। वक्ताओं ने गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति योगदान को याद किया। न्यायमूर्ति राजीव लोचन मेहरोत्रा ने गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को याद करते हुए कहा कि इन मूल्यों को केवल याद करना पर्याप्त नहीं है। इन्हें अपने जीवन में उतारने की जरूरत है। गांधी जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। आदर्शों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि न्यायमूर्ति विपिन चंद्र दीक्षित ने गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन चरित्र का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। शासी निकाय के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने भी दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री की सहजता, सादगी और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज और देश के लिए प्रेरणा देता है। प्राचार्य ने किया अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अर्चना पाठक ने अतिथियों का स्वागत किया। चीफ प्रॉक्टर डॉ. रंजना त्रिपाठी ने कार्यक्रम का संचालन किया और रामधुन प्रस्तुत की। कार्यक्रम में DCP राम सिंह, डॉ. ममता गुप्ता, डॉ. चित्रा चौरसिया, डॉ. सब्यसाची, डॉ. नाजनीन फारूकी, डॉ. अमित पांडे, रिचा अवस्थी समेत कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)