सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में टावर पर चढ़ी महिला कर्मचारी:पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप, 200 फीट ऊंचे टावर पर बैठी, एक घंटे बाद उतरी
इटावा के सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में शुक्रवार दोपहर एक महिला कर्मचारी करीब 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। 45 वर्षीय मीना का आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत नहीं सुनी और उसे धमकाया। इससे आहत होकर वह टावर पर चढ़ गई। सूचना पर विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे तक समझाने के बाद सहकर्मियों की मदद से महिला को नीचे उतारा जा सका। मीना विश्वविद्यालय में वार्ड लेडीज के पद पर तैनात है और आवासीय परिसर में रहती है। उसका आरोप है कि शुक्रवार को मैनपुरी जिले के एलाऊ थाना क्षेत्र स्थित एक गांव से उसके बेटे के ससुराल वाले आए थे। इस दौरान उन्होंने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी चेन, अंगूठी और हाथ का कड़ा टूट गया। महिला के मुताबिक, घटना की शिकायत लेकर वह थाने पहुंची, लेकिन प्रभारी निरीक्षक ने उसकी बात सुनने के बजाय उसे धमकाया। उसने दावा किया कि पहले भी कई बार शिकायत देने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं हुई। इसी से आहत होकर वह शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे प्रशासनिक भवन के सामने बने टावर पर चढ़ गई। अधिकारियों ने समझाने का किया प्रयास महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. आदेश कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित सिंह, मुख्य सुरक्षा अधिकारी रूपेश सिंह, अन्य अधिकारी और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गए। सभी ने महिला को नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में महिला के साथ ड्यूटी करने वाली नर्सिंग अधिकारी मीना कुमारी और अनिता प्रजापति ने उससे बातचीत की। दोनों ने भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन और कर्मचारी संगठन उसकी बात सुनकर उच्च अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। इसके बाद महिला करीब साढ़े चार बजे टावर से नीचे उतर आई। बेटे और बहू को संपत्ति से बेदखल करने की बात कही टावर से नीचे उतरने के बाद मीना ने अपने बेटे के ससुराल वालों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। उसने अपने बेटे राहुल और बहू को चल-अचल संपत्ति से बेदखल करने का निर्णय लेने की बात भी कही। शिकायत में उसने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने कहा- दोनों पक्षों में हुआ था विवाद प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया कि महिला और दूसरे पक्ष के बीच मारपीट हुई थी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाया था। उन्होंने महिला को थाने से भगाने और धमकाने के आरोपों को निराधार बताया। उनके अनुसार, महिला थाने में भी अभद्रता करने लगी थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला के बेटे और बहू के बीच भी विवाद चल रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)