सैफई यूनिवर्सिटी में खून के नाम पर 9 हजार वसूले:मरीज के भतीजे की शिकायत, विश्वविद्यालय प्रशासन ने दर्ज करवाई FIR; जांच शुरू
इटावा के सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के ब्लड बैंक में खून के नाम पर दलाली का मामला सामने आया है। यहां भर्ती एक मरीज के भतीजे अंशुल ने आरोप लगाया कि मरीज के लिए सफेद खून की जरूरत पड़ने पर उनसे 9 हजार रुपए ले लिए गए। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत विश्वविद्यालय प्रशासन से की। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मरीज को निशुल्क खून उपलब्ध कराया और सोमवार को सैफई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। अंशुल ने विश्वविद्यालय प्रशासन को दी शिकायत में बताया कि उनके मरीज का सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। मरीज को सफेद खून की जरूरत थी। इस पर रवि नाम के व्यक्ति ने उन्हें बिंदु नाम के व्यक्ति का मोबाइल नंबर देकर उससे संपर्क करने को कहा। अंशुल के मुताबिक, उन्होंने बिंदु से संपर्क किया तो उनसे 9 हजार रुपए ले लिए गए। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से शिकायत की। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मरीज को बिना शुल्क खून उपलब्ध कराया। कुलपति के निर्देश पर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी मामले की जानकारी मिलने पर विश्वविद्यालय के कुलपति ने अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सैफई थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। दोषी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि खून जैसी जरूरी चिकित्सा सुविधा के नाम पर किसी भी तरह की दलाली या गलत काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। प्रशासन ने यह भी कहा कि मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)