सांझी महोत्सव:गोबर और पोर्ट्रेट पर भी उकेरी ब्रज की कला, पानी पर तैरती सांझी ने मोहा मन
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जीएलए विश्वविद्यालय के संयुक्त आयोजन सांझी महोत्सव-2026 के दूसरे दिन बुधवार रात रसखान समाधि परिसर में सांझी कला के विविध रूप देखने को मिले। पानी पर तैरती सांझी ने दर्शकों का विशेष आकर्षण खींचा। वृंदावन के प्रसिद्ध चित्रकार विश्वजीत और उनके साथी कलाकारों ने पानी पर तैरती सांझी तैयार की। कलाकारों ने महोत्सव में पहुंचे लोगों को सांझी निर्माण की बारीकियों और प्रक्रिया से भी अवगत कराया। वृंदावन के रसिक वल्लभाचार्य ने भगवान श्रीकृष्ण की गाय चराते हुए वनलीला का सांझी के माध्यम से सुंदर चित्रण किया। खजानी वूमेन पॉलिटेक्निक की छात्राओं ने पोर्ट्रेट पर सांझी बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। धौलीप्याऊ निवासी सेवानिवृत्त प्राचार्य उमा जी ने भी पोर्ट्रेट पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं को उकेरा। मिर्जापुर की चित्रकार खुशबू ने भी सांझी निर्माण में भाग लिया। बलदेव पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने प्रीति चौहान के निर्देशन में पोर्ट्रेट पर आकर्षक सांझी रचनाएं तैयार कीं। श्रुति कुमारी सहित अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। दक्ष एजुकेशन से जुड़ी छात्राओं ने भी सांझी बनाकर कला प्रतिभा का प्रदर्शन किया। परिसर में रंगोली भी सजाई गई। महोत्सव में सांझी के पारंपरिक स्वरूप को भी जीवंत किया जा रहा है। आगरा की सुनीता और अनुष्का तथा गोकुल की लक्ष्मी ने गोबर से पारंपरिक सांझी तैयार की। वहीं पोर्ट्रेट पर सांझी के जरिए कलाकार ब्रज की कला और कृष्णलीला को नए माध्यम में प्रस्तुत कर रहे हैं। कार्ष्णि इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी रंगोली बनाकर प्रतिभा दिखाई। बुधवार रात बड़ी संख्या में वैष्णव तीर्थयात्री रसखान समाधि परिसर पहुंचे। गोकुल के पंकज बाबा के परिवार के सदस्यों समेत श्रद्धालुओं ने सांझी निर्माण देखा और कलाकारों से इसकी बारीकियों की जानकारी ली। तीर्थयात्री ब्रह्मांड घाट, चिंताहरण और जमुनापार के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन के बाद रसखान समाधि पहुंचे। लोकगीत और भजनों से गूंजा परिसर महोत्सव के दूसरे दिन साइकिल दलवीर ब्रजवासी और उनके साथियों ने ब्रज के लोकगीत प्रस्तुत किए। गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन के गीत प्रोजेक्ट प्रभारी महेश चंद्र शर्मा के निर्देशन में गुरुकुल के बच्चों ने गीता से संबंधित कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)