सांसद नदवी बोले- 2027 में गठबंधन मजबूती से लड़ेगा चुनाव:रामपुर में स्थापना दिवस पर कहा- अखिलेश के कद को छोटा करने का प्रयास मंजूर नहीं

Oct 04, 2026 - 17:29
0
सांसद नदवी बोले- 2027 में गठबंधन मजबूती से लड़ेगा चुनाव:रामपुर में स्थापना दिवस पर कहा- अखिलेश के कद को छोटा करने का प्रयास मंजूर नहीं
रामपुर में रविवार को समाजवादी पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर सपा-कांग्रेस गठबंधन की तस्वीर दिखाई दी। दोपहर करीब 1 बजे सांसद मोहिबुल्लाह नदवी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाए। इसके बाद सांसद ने तोपखाना स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रेसवार्ता की। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में हमारा गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा। जो प्रत्याशी जीतने की स्थिति में होंगे, उन्हें ही टिकट दिया जाएगा, चाहे वह सपा से हों या कांग्रेस से। उन्होंने कहा कि अब यह महागठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा। वोट चोरी के मुद्दे पर सांसद ने कहा कि जो वोट चोरी हुई है, वह 13 करोड़ से ज्यादा लोगों का मामला है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोगों का वोट छीना गया है, इससे बड़ा देश की जनता का अपमान नहीं हो सकता। नदवी ने वोट छीने जाने को 13 करोड़ लोगों की हत्या के बराबर बताया। सपा के स्थापना दिवस को लेकर सांसद ने कहा कि स्थापना दिवस मनाया ही जाएगा। उन्होंने कहा कि आजम साहब के साथ पूरी पार्टी खड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के संस्थापक और अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव अब इस दुनिया में नहीं हैं। आज उन्हें भी याद किया जा रहा है और पार्टी के सभी संस्थापकों को भी याद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बधाई और मुबारकबाद के काबिल अखिलेश यादव हैं, जिनकी कयादत और नेतृत्व में समाजवादी पार्टी देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के कद को छोटा करने या समझने की कोई कोशिश की जाएगी तो उसे मंजूर नहीं किया जाएगा। सांसद के इस बयान को सपा के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में आजम खान का नाम नहीं लिया। प्रेसवार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित ने भी गठबंधन को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इस बार हम जमकर और जनमत के साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि योगी और मोदी की सरकार से लड़ना है। निक्कू पंडित ने ईडी और मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी निशाना साधा। प्रेसवार्ता के दौरान सपा-कांग्रेस नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतरने का संदेश दिया। लड्डू खिलाने के बाद सांसद और कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने की बात कही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User