सड़क का घटिया निर्माण, ठेकेदार पर 78 हजार जुर्माना:अलीगढ़ में नगर आयुक्त ने मौके पर पकड़ी गड़बड़ी, 10 दिन में क्षतिग्रस्त हिस्सा दोबारा बनाने का आदेश; नहीं तो फर्म होगी ब्लैकलिस्ट
शहर में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन खर्च करने के बावजूद निर्माण की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों पर नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वार्ड-28 के महेंद्र नगर स्थित गंभीरपुरा रोड पर घटिया सीसी सड़क निर्माण मिलने पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर ही ठेकेदार राजकुमार सिंह पर टेंडर की धनराशि का 10 प्रतिशत यानी करीब 78 हजार रुपये जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्से को तोड़कर निर्धारित मानकों के मुताबिक दोबारा बनाने का आदेश दिया। तय समय में काम दुरुस्त नहीं हुआ तो फर्म की जमानत धनराशि जब्त करने के साथ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई होगी।
निरीक्षण में खुली निर्माण की पोल
नगर निगम के मुताबिक, वार्ड-28 में गंभीरपुरा रोड पर राजीव बुक सेंटर से डॉ. धनीराम के मकान तक करीब 7.79 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क बनाई जा रही है। बुधवार को नगर आयुक्त ने अचानक मौके पर पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता जांची। सड़क निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली तो उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया।
निर्माण की गुणवत्ता को लेकर अवर अभियंता गिरीश कुमार से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद नगर आयुक्त ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। सड़क के खराब हिस्से को तोड़कर दोबारा निर्माण कराने और टेंडर धनराशि का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाने की कार्रवाई की गई।
15 दिन नहीं, 10 दिन में सुधारने के निर्देश
नगर निगम की ओर से जारी ब्रीफिंग में सड़क का क्षतिग्रस्त हिस्सा अगले 10 दिनों में दोबारा बनाने की समयसीमा दी गई है। निर्धारित मानकों के मुताबिक काम पूरा नहीं होने पर ठेकेदार की देय धनराशि और जमानत राशि जब्त करने के साथ फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। सरकारी धन से होने वाले निर्माण में लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)