सड़क किनारे अचेत मिली महिला, राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया:फतेहपुर के कबाड़ी मार्केट में सड़क किनारे बेहोश मिली
फतेहपुर सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित कबाड़ी मार्केट में शनिवार को सुबह 9 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई,जब सड़क किनारे एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में अचेत अवस्था में पड़ी मिली।काफी देर तक महिला में कोई हलचल न होने पर आसपास के लोगों और राहगीरों का ध्यान उसकी ओर गया। मानवता का परिचय देते हुए राहगीरों ने बिना समय गंवाए तत्काल आपातकालीन सेवा यूपी-112 पर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए तुरंत 108 एंबुलेंस को कॉल किया और राहगीरों की मदद से महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में डॉक्टरों ने महिला को भर्ती कर तुरंत उपचार शुरू कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे होश में लाने के प्रयास जारी हैं। कबाड़ी मार्केट जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े महिला के बेहोश मिलने की खबर से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। महिला कौन है, कहां की रहने वाली है और किन परिस्थितियों में वह यहां तक पहुंची या अचेत हुई, इस संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। महिला के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज मिला है या नहीं, पुलिस इसकी भी पड़ताल कर रही है। पूरे मामले पर जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि सड़क किनारे महिला के बेहोश पड़े होने की सूचना मिली थी। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी को इस संबंध में सख्त निर्देश दे दिए गए हैं कि महिला पर लगातार नजर रखी जाए। जैसे ही महिला को होश आता है, उससे पूछताछ कर उसके परिजनों को अविलंब सूचित किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)