सड़क पार करते समय अनियंत्रित लोडर ने मासूम को रौंदा:मौके पर ही तोड़ा दम, कबाड़ बीनकर चलाता था परिवार का खर्च

Oct 10, 2026 - 16:16
0
सड़क पार करते समय अनियंत्रित लोडर ने मासूम को रौंदा:मौके पर ही तोड़ा दम, कबाड़ बीनकर चलाता था परिवार का खर्च
हरदोई-उन्नाव मुख्य मार्ग पर मेथीटीकुर के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार लोडर वाहन की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 12 वर्षीय नीरज पुत्र मजनू के रूप में हुई है। नीरज का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। वह इतनी कम उम्र में कबाड़ बीनने का काम करता था और उससे मिलने वाले पैसों से अपने परिवार के गुजारे में मदद करता था। रोज की तरह वह शनिवार को भी काम के सिलसिले में निकला था। सड़क पार करते समय हुआ हादसा प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नीरज कबाड़ बीनते हुए हरदोई-उन्नाव मुख्य मार्ग को पार करने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार लोडर वाहन वहां से गुजरा। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और लोडर ने सीधे मासूम नीरज को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीरज काफी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिक खून बह जाने और गंभीर चोटें आने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने लोडर को लिया कब्जे में हादसे की खबर जैसे ही गांव में फैली, मृतक के परिजन बदहवास हालत में घटनास्थल पर पहुंचे। बच्चे का शव सड़क पर पड़ा देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित लोडर को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि चालक की तलाश जारी है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक बालक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर संबंधित वाहन और चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मार्ग पर यातायात सामान्य करा दिया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User