शॉर्टकट के लिए हाईवे पार कर रहे लोग, एक की-मौत:एक माह पहले ट्रोला की चपेट में आने से 42 वर्षीय संजय निषाद की हुई थी मौत
नेशनल हाईवे-19 पर लोग अपनी जान जोखिम में डालकर एक लेन से दूसरी लेन तक पहुंचने के लिए हाईवे पार कर रहे हैं। करीब एक महीने पहले इसी जगह पर हाईवे पार करते समय एक बेकाबू ट्रोला की चपेट में आने से 42 साल के संजय निषाद की मौत हो गई थी। हादसे के बाद कुछ दिनों तक यातायात पुलिस तैनात रही, लेकिन अब फिर वही हालात दिख रहे हैं। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में गोयल हॉस्पिटल के सामने हाईवे और सर्विस लेन के बीच लोगों को सीधे मुख्य मार्ग पर जाने से रोकने के लिए लोहे की रेलिंग लगाई गई हैं। इसके बाद भी लोग रेलिंग के ऊपर से या उसके बीच से निकलकर दूसरी ओर जाने की कोशिश करते हैं। व्यस्त हाईवे पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में जरा सी गलती भारी पड़ सकती है। एक लेन से दूसरी लेन तक जाने के लिए सुरक्षित रास्ता अपनाने की बजाय कई लोग समय बचाने के चक्कर में सीधे हाईवे पार करते हैं। हादसे के बाद पुलिस की मौजूदगी से कुछ समय तक स्थिति में सुधार दिखा था, लेकिन निगरानी कम होते ही लोग फिर रेलिंग पार कर हाईवे पर पहुंचने लगे हैं। मौके के हालात बताते हैं कि उस हादसे से भी सबक नहीं लिया गया। रोजाना हाईवे पार करते लोगों की तस्वीरें सुरक्षा व्यवस्था और यातायात निगरानी पर भी सवाल खड़े कर रही हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)