शादी-भंडारे के नाम पर बर्तन बुक कर बेच दिए:कानपुर में 12 टेंट हाउस संचालकों से 9 लाख की ठगी; पुलिस ने दर्ज की FIR

Oct 01, 2026 - 07:31
0
शादी-भंडारे के नाम पर बर्तन बुक कर बेच दिए:कानपुर में 12 टेंट हाउस संचालकों से 9 लाख की ठगी; पुलिस ने दर्ज की FIR
कानपुर में शादी और भंडारा कराने के नाम पर टेंट हाउस संचालकों से बर्तन बुक कर उन्हें बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो लोगों ने करीब 12 टेंट हाउस संचालकों से बर्तन लिए और बाद में उन्हें करीब 9 लाख रुपए में बेच दिया। कई दिन तक बर्तन वापस नहीं आए तो संचालकों ने आरोपियों से संपर्क किया। आरोप है कि दोनों लगातार उन्हें टालते रहे। इसके बाद पीड़ित संचालक पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचे। अधिकारियों के निर्देश पर सीसामऊ और कोहना थाने में आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की पुरानी आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है। 9 सितंबर को भंडारे के नाम पर बर्तन ले गए जवाहर नगर निवासी विवेक निगम ने बताया कि 9 सितंबर को सुमित पासवान और अमित लखवानी उनकी दुकान पर पहुंचे थे। दोनों ने भंडारा कराने की बात कही और छह बड़े भगौने ढक्कन समेत, चार परात और एक कढ़ाई ले गए। कई दिन बाद भी सामान वापस नहीं आया तो विवेक ने दोनों से फोन पर संपर्क किया। आरोप है कि दोनों लगातार सामान लौटाने की बात कहकर टालते रहे। इसके बाद विवेक को पता चला कि दोनों ने दूसरे टेंट हाउस संचालकों से भी इसी तरह बर्तन लिए हैं। आरोप के मुताबिक, 3 सितंबर को अनूप किराया भंडार से चार भगौने, नौ ढक्कन और पांच परात लिए गए। 18 सितंबर को नीरज टेंट हाउस से छह भगौने, छह ढक्कन और चार परात लिए गए। वहीं 3 सितंबर को शिव क्राकरी से तीन भगौने, पांच ढक्कन और पांच परात लिए गए। आर्य नगर के व्यापारी से भी लिए बर्तन आर्य नगर स्थित शुक्ला टेंट हाउस एंड कैटरर्स के मालिक मुकेश शुक्ला ने बताया कि 21 सितंबर को दोनों आरोपी उनकी दुकान पर आए थे। शादी में इस्तेमाल के लिए पांच भगौने, पांच परात, दो चम्मच और दो जग ले गए। पीड़ित टेंट हाउस संचालकों का आरोप है कि आरोपियों ने अलग-अलग दुकानों से लिए बर्तन बेच दिए। इनकी कुल कीमत करीब 9 लाख रुपए बताई गई है। सामान वापस मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। सीसामऊ थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी नहीं होने के कारण आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और नोटिस देकर छोड़ दिया गया। 2021 में भी ठगी का मुकदमा दर्ज था एडिशनल पुलिस कमिश्नर हेडक्वार्टर संकल्प शर्मा ने बताया कि करीब एक दर्जन टेंट हाउस संचालकों से शादी और भंडारे के नाम पर बर्तन लेकर उन्हें बेचने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारियों की तहरीर पर सीसामऊ और कोहना थाने में FIR दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ 2021 में भी ठगी का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस अब उनकी क्रिमिनल हिस्ट्री की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User