शादी से 6 दिन पहले युवती की हत्या:कानपुर देहात में झाड़ियों में मिला शव, दो युवकों पर हत्या का आरोप, 11 अक्टूबर को उठनी थीं डोली

Oct 07, 2026 - 09:53
0
शादी से 6 दिन पहले युवती की हत्या:कानपुर देहात में झाड़ियों में मिला शव, दो युवकों पर हत्या का आरोप, 11 अक्टूबर को उठनी थीं डोली
कानपुर देहात में शादी से 6 दिन पहले युवती की हत्या कर दी। सड़क किनारे झाड़ियों में युवती का शव पड़ा मिला। सिर पर चोट के निशान हैं जिससे यह माना जा रहा है कि सिर पर वार कर हत्या की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है। परिजनों के मुताबिक, युवती सोमवार को दादानगर कानपुर स्थित फैक्ट्री जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसी बीच रैपालपुर के पास शव मिलने की जानकारी मिली। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और जानकारी के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान की। घटना शिवली थाना क्षेत्र की है। परिजनों के मुताबिक, युवती की शादी तय थी और 11 अक्टूबर को उसकी बारात आनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार नई जिंदगी की शुरुआत की तैयारी में था, लेकिन छह दिन पहले ही युवती की मौत की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बाबा ने दो युवकों पर लगाए हत्या के आरोप मृतका के बाबा ने गांव के शिवम और अमन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि दोनों ने युवती की हत्या कर शव सड़क किनारे झाड़ियों में फेंका। बाबा ने युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई है। हालांकि पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। सिर पर चोट के निशान मिलने की बात ग्रामीणों के मुताबिक, युवती के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस घटनास्थल और युवती के आखिरी समय के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। 2021 में पिता की भी हुई थी हत्या परिजनों ने बताया कि वर्ष 2021 में युवती के पिता की भी हत्या कर दी गई थी। पिता की मौत के बाद युवती परिवार का सहारा बनी और प्राइवेट नौकरी कर घर संभाल रही थी। परिवार को उसकी शादी से जिंदगी में नई शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। शिवली थाना प्रभारी अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण स्पष्ट होगा और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User