शाहजहांपुर के मेडिकल कॉलेज में एंडोस्कोपी लैब शुरू:वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने किया उद्घाटन, मरीजों को मिलेगी जांच की सुविधा
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत नवनिर्मित मुख्य द्वार, बाउंड्रीवॉल और एंडोस्कोपी लैब का लोकार्पण किया गया। रविवार शाम करीब छह बजे पहुंचे प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने फीता काटकर इन सुविधाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर भी मौजूद रहे। मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि अस्पताल में मुख्य द्वार और बाउंड्रीवॉल बनने से मरीजों तथा उनके तीमारदारों को सुविधा मिलेगी। एंडोस्कोपी लैब शुरू होने से मरीजों को आधुनिक जांच और उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि मंत्री के प्रयासों से मेडिकल कॉलेज में लगातार आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अस्पताल परिसर में बाउंड्रीवॉल बनने से अनधिकृत वाहनों, निराश्रित पशुओं और असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। मुख्य द्वार के व्यवस्थित संचालन से एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों का आवागमन सुचारु रहेगा। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को इमरजेंसी तक पहुंचाने में भी आसानी होगी।एंडोस्कोपी लैब के प्रभारी एवं मेडिसिन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इस सुविधा से पेट दर्द, लगातार उल्टी, सीने में जलन, निगलने में परेशानी और खून आने जैसे लक्षणों के कारणों की जांच की जा सकेगी। एंडोस्कोपी के माध्यम से कुछ मामलों में रक्तस्राव रोकने, निगली गई बाहरी वस्तुओं को निकालने और छोटी गांठों को हटाने जैसे उपचार भी संभव हैं।उन्होंने बताया कि जांच शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम शुल्क पर की जाएगी, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी। कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार सहित चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में प्रधानाचार्य ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)