शाहजहांपुर में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का खुलासा:खंडहर में तमंचे बना रहे 2 आरोपी गिरफ्तार, 4 तमंचे और अधबने हथियार बरामद
शाहजहांपुर पुलिस ने निगोही थाना क्षेत्र में अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से चार बने तमंचे, कारतूस, अधबने तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। दोनों आरोपी काफी समय से अवैध तमंचे तैयार कर उनकी सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया। खंडहर में छिपकर चला रहे थे फैक्ट्री
पुलिस के अनुसार, अवैध शस्त्र फैक्ट्री निगोही क्षेत्र में भटपुरा मिश्र और मिलकिया के बीच एक खंडहर में चलाई जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार दोपहर करीब 2 बजे खंडहर में छापा मारा। मौके से संतोष निवासी भटपुरा मिश्र और अनिल सिंह निवासी घनश्यामपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तलाशी के दौरान चार बने तमंचे, कारतूस, अधबने तमंचे और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए। कबाड़ी और आरा मशीनों से खरीदते थे सामान
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कबाड़ी की दुकानों और आरा मशीनों से सामान खरीदकर तमंचों के पुर्जे तैयार करते थे। इसके बाद सुनसान स्थानों और खेतों में हथियारों को तैयार करते थे। ट्रक चालकों को 3 से 5 हजार में बेचने का दावा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी तैयार तमंचों को होटलों और ढाबों पर रुकने वाले ट्रक चालकों को 3 से 5 हजार रुपये में बेचते थे। पुलिस अब आरोपियों से हथियारों की सप्लाई और उनके संपर्कों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। एसपी सिटी देवेंद्र ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में बरामद हथियारों और फैक्ट्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)