शाहजहांपुर में लोहे के सरिये का अवैध कारोबार पकड़ा गया:8 घंटे से जांच जारी, 5 गोदाम अवैध मिले; 4 जिले की 8 टीमें दस्तावेज खंगाल रही
शाहजहांपुर में लगातार दूसरे दिन शनिवार को राज्य कर विभाग की विशेष जांच शाखा (SIB) ने लोहे के सरियों के कारोबार की जांच की। तिलहर थाना क्षेत्र स्थित रामासरे फर्म पर 8 टीमों ने छापा मारा। पिछले 8 घंटे से चल रही जांच में 5 गोदामों में अनियमितताएं मिलने की बात सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच देर रात तक चलने की संभावना है। 4 जिलों की 8 टीमें जांच में जुटीं कार्रवाई के लिए बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं की कुल 8 टीमें पहुंचीं। इनमें करीब 50 सदस्य शामिल हैं। टीम की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस बल भी तैनात किया गया है। SIB के डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि फर्म पंजीकृत है, लेकिन बिना किसी लिखित रिकॉर्ड के लोहे का कारोबार कर रही थी। गोदामों से मिले माल की कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है। माल का वास्तविक वजन पता करने के लिए उसे धर्मकांटे पर तौला जा रहा है। शुक्रवार को पीछा कर पकड़ा था सरियों से भरा ट्रक फर्म के मालिक वैभव अग्रवाल और विवेक अग्रवाल बताए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार को बरेली SIB की टीम ने पीछा कर सरियों से भरा एक वाहन पकड़ा था। वाहन मालिक माल से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा पाए थे। इसके बाद फर्म के कारोबार की जांच शुरू की गई। जांच में बिना लिखित रिकॉर्ड के करोड़ों रुपए का कारोबार किए जाने की आशंका सामने आई। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जांच अभी जारी है। पूरी जांच के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के बाद दुकानें बंद, मकान पर लगा मिला ताला शुक्रवार को भी SIB की टीम ने करीब तीन घंटे तक जांच की थी। उस दौरान सरियों से भरा एक ट्रक जब्त किया गया था। बताया गया कि वाहन मालिक फोन पर टीम के संपर्क में था, लेकिन मौके पर नहीं पहुंचा। छापेमारी से पहले दुकानें खुली थीं, लेकिन कार्रवाई शुरू होने के बाद उन्हें बंद कर दिया गया। मकान पर भी ताला लगा दिया गया था। फिलहाल, फर्म मालिकों की ओर से इस मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)