शामली में मंत्री के ममेरे भाई के घर लूटपाट:महिला के कानों से कुंडल खींचे, युवक के सिर पर वार; बदमाशों ने जेवरात-नकदी लेकर फरार

Oct 19, 2026 - 16:25
0
शामली में मंत्री के ममेरे भाई के घर लूटपाट:महिला के कानों से कुंडल खींचे, युवक के सिर पर वार; बदमाशों ने जेवरात-नकदी लेकर फरार
शामली के थानाभवन क्षेत्र के गांव रसीदगढ़ में रविवार देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। बदमाशों ने महिला के कानों से कुंडल खींच लिए और विरोध करने पर एक युवक के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में महिला और युवक घायल हो गए। इसके बाद बदमाश घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। पीड़ित योगेश कुमार प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री जसवंत सैनी के ममेरे भाई हैं। घटना के बाद परिवार दहशत में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दीवार फांदकर घर में घुसे बदमाश योगेश कुमार पुत्र रोहतास ने थानाभवन थाने में दी तहरीर में बताया कि उनका मकान गांव रसीदगढ़ की आबादी से बाहर मिल रोड पर खेत में बना है। रविवार रात करीब 1:30 बजे वह अपने कमरे में सो रहे थे। उनके भाई संजय, भाभी खुशी और भतीजा विकसित दूसरे कमरे के आंगन में सो रहे थे, जबकि उनकी माता बिशन देवी अलग कमरे में थीं। आरोप है कि इसी दौरान चार अज्ञात नकाबपोश बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए और अंदर से मुख्य दरवाजा खोल दिया। इसके बाद बदमाशों ने परिवार पर मिर्च डालकर हमला कर दिया। आंगन में सो रही खुशी के कानों से कुंडल खींच लिए, जिससे उनके दोनों कान लहूलुहान हो गए। बदमाशों ने उनके हाथ पर रॉड से भी वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। विरोध करने पर योगेश के सिर पर किया वार आरोप है कि बदमाशों ने कमरे में सो रहे योगेश के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे बक्सों को खंगाला और सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य सामान लूट लिया। शोर सुनकर जागने लगे ग्रामीण तो भागे बदमाश पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबे और बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग जागने लगे तो आरोपी मुख्य दरवाजे से फरार हो गए। जाते समय भी उन्होंने परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराकर उपचार कराया गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र और जंगलों में भी बदमाशों की तलाश कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User