सहारनपुर में 10 लाख की स्मैक के साथ तस्कर पकड़ा:50.33 ग्राम स्मैक बरामद, ऑपरेशन सवेरा के तहत हुई कार्रवाई
सहारनपुर पुलिस ने बुधवार शाम चार बजे एक नशा तस्कर को अरेस्ट किया है। उसके कब्जे से 50.33 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। थाना गागलहेड़ी पुलिस को ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत यह सफलता मिली है।आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी सिटी व्योम बिंदल के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए सहारनपुर परिक्षेत्र में ऑपरेशन सवेरा अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बुधवार को गागलहेड़ी पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक स्मैक लेकर इलाके में पहुंचा है। पुलिस टीम ने हरौड़ा कट के पास सर्विस रोड से करीब 15 कदम की दूरी पर ईख के खेत में घेराबंदी की। यहां से एक युवक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 50.33 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान शोएब पुत्र अब्दुल रहमान, निवासी बड़ी मस्जिद के पास, कस्बा व थाना गागलहेड़ी के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को गली-मोहल्लों और आसपास के गांवों में बेचने के लिए लाया था। इससे उसे मुनाफा होता था और इसी से परिवार का खर्च चलाता था। पुलिस अब आरोपी के मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे स्मैक कहां से मिलती थी और वह किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर गागलहेड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में धारा 13 जी एक्ट के तहत गागलहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)