सहारनपुर में 2.5 करोड़ की स्मैक बरामद:महिला समेत 2 तस्कर गिरफ्तार, बरेली से खरीदकर शहर में बेचते थे
सहारनपुर में नशे की सप्लाई करने वाले हिस्ट्रीशीटर और उसकी सहयोगी महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया। मंडी थाना पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स सेल, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर बुधवार को दोनों को पकड़ा। इनके कब्जे से 1 किलो 28 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख 60 हजार रुपए है। तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। श्मशान घाट के पास पकड़े गए दोनों एसएसपी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बाबालाल दास रोड स्थित श्मशान घाट के मुख्य द्वार के पास पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान शहजाद उर्फ कालू, निवासी नाजिम कॉलोनी, मंडी और नजराना पत्नी बिलाल, निवासी मिर्जापुर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। तलाशी में शहजाद के पास से 515 ग्राम और नजराना के पास से 513 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों स्मैक लेकर नाजिम कॉलोनी स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टीम ने उन्हें पकड़ लिया। बरेली से इमराना से खरीदते थे स्मैक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे स्मैक बरेली रेलवे स्टेशन के आसपास इमराना नाम की महिला से खरीदते थे। आरोपियों के मुताबिक उन्हें महिला का पूरा नाम, पता और मोबाइल नंबर नहीं मालूम है। इसके बाद दोनों सहारनपुर में स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा में नशे के आदी और जरूरतमंद लोगों को बेचते थे। पुलिस अब बरेली से सहारनपुर तक चल रहे इस नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। शहजाद थानाभवन का हिस्ट्रीशीटर, 17 मुकदमे दर्ज पुलिस के अनुसार, शहजाद उर्फ कालू शामली के थानाभवन थाने का हिस्ट्रीशीटर और टॉप-10 अपराधी बताया गया है। उसके खिलाफ शामली और मुजफ्फरनगर में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 17 मुकदमे दर्ज हैं। बुधवार की कार्रवाई के बाद उसके खिलाफ 18वां मुकदमा दर्ज हुआ है। वहीं, नजराना के खिलाफ मिर्जापुर थाने में एनडीपीएस एक्ट का एक मुकदमा पहले से दर्ज है। कार शहजाद के नाम, पुलिस ने सीज की पुलिस के मुताबिक, स्मैक की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट VXI कार (UK07 BK 2919) शहजाद के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने कार को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। दोनों के खिलाफ मंडी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सप्लायर से लेकर खरीदार तक की तलाश पुलिस अब मामले की जांच को केवल बरामद स्मैक तक सीमित नहीं रख रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर स्मैक सप्लाई करने वाले स्रोत और आगे इसे खरीदने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस बरेली से सहारनपुर तक के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। कार्रवाई में मंडी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा, एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी संजीव कुमार, एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सक्सेना, स्वाट प्रभारी नीरज पंवार, उपनिरीक्षक अजब सिंह, राहुल शर्मा और महिला उपनिरीक्षक प्रीति सिंह समेत विभिन्न टीमों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)