सहारनपुर में 22 साल पुराने मामले में 2 गिरफ्तार:आर्म्स एक्ट मामलों में जारी हुआ था NBW वारंट, पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से पकड़ा
सहारनपुर में मंडी पुलिस ने सोमवार दोपहर 22 साल पुराने आर्म्स एक्ट और आयुध अधिनियम के दो मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ अदालत से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी थे। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों को पकड़ा। पहला आरोपी नानू पुत्र रशीद है। वह मूल रूप से मोहल्ला मदनपुरी, थाना मंडी का रहने वाला है। वर्तमान में मदीना कॉलोनी उर्फ मिद्दा कॉलोनी, हलालपुर-चिलकाना रोड, थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में रह रहा था। नानू के खिलाफ वर्ष 2004 में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। मामला अदालत में विचाराधीन है। तय तारीखों पर पेश नहीं होने पर उसके खिलाफ NBW जारी हुआ था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मदीना कॉलोनी में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में अगली सुनवाई 3 अक्टूबर 2026 को है। राजपूत कॉलोनी से फजलुर्रहमान पकड़ा दूसरा आरोपी फजलुर्रहमान पुत्र शौकत अली है। वह मोहल्ला राजपूत कॉलोनी, थाना कुतुबशेर का रहने वाला है। उसके खिलाफ वर्ष 2004 में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। अदालत में पेश नहीं होने पर उसके खिलाफ भी NBW जारी किया गया था। मंडी पुलिस ने राजपूत कॉलोनी में दबिश देकर फजलुर्रहमान को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अगली सुनवाई 6 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है। अदालत में पेश करेगी पुलिस पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी लंबे समय से अदालत में तय तारीखों पर पेश नहीं हो रहे थे। इसी वजह से अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। कार्रवाई एसएसपी सहारनपुर के निर्देशन में एसपी सिटी व्योम बिंदल और थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में हुई। टीम में एसआई गजेन्द्र सिंह, एसआई जगपाल सिंह, कांस्टेबल मनोज आर्य और कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)