बिजनौर में कांग्रेसियों ने चुनाव आयुक्त की फोटो जलाई:पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कलेक्ट्रेट पहुंचे, राष्ट्रपति के ज्ञापन सौंपा
बिजनौर में सोमवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पार्टी दफ्तर पर इकट्ठा हुए और जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें पहले पार्टी दफ्तर पर, फिर विकास भवन में बैरिकेड लगाकर और बाद में कलेक्ट्रेट में बैरिकेड लगाकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे कलेक्ट्रेट पहुंच गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने परमिशन नहीं होने का हवाला देते हुए उन्हें बाहर निकाल दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने छीन लिया। इसके बाद वे विकास भवन में अंबेडकर की प्रतिमा के सामने धरने पर बैठ गए और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फोटो जलाकर विरोध जताया। ज्ञापन में बताया गया कि दो निर्वाचन आयुक्तों, सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के एकतरफा फैसलों पर 14 बार आपत्ति जताई। इसमें मतदाता जोड़ने/हटाने और आईटी प्रणाली को दिल्ली में केंद्रित करने के मुद्दे शामिल थे। कांग्रेस ने इसे 'वोट चोरी अभियान' बताते हुए राष्ट्रपति से कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में मांग की गई कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल उनके पद से हटाकर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और मुकदमा चलाया जाए। ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए सभी निर्णयों एवं मतदाता सूची में किए गए बदलावों की व्यापक और स्वतंत्र समीक्षा की जाए। इसके अलावा, चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को प्रभावित करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विरुद्ध संवैधानिक संस्था को प्रभावित करने के लिए कार्रवाई की जाए। निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली को दिल्ली में केंद्रित न करके केंद्रीय तथा राज्यों के आयुक्तों के साथ पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए। इस मौके पर कांग्रेस की जिला अध्यक्ष हेनरीता राजीव सिंह, शहर अध्यक्ष हुमायूं बैग, जाफर हसनैन, मोहम्मद हनीफ, सलीम अकबर, वसीम अकरम सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)