सहारनपुर में भाई ने ग्राम-सेवक अधिकारी बहन का गला घोंटा:रात में बहन के पास युवक को घर में देख भड़का, गुस्से में दुपट्टे से घोंटा गला
सहारनपुर के नागल थाना क्षेत्र में ग्राम समाज अधिकारी कोमल की हत्या का पुलिस ने शनिवार शाम खुलासा कर दिया। पुलिस ने बहन की हत्या के मामले में आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। गांव लाखनौर में 27 वर्षीय कोमल की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आशीष कुमार ने पूछताछ में बताया कि 16 अक्टूबर की सुबह करीब 3:30 बजे उसकी आंख खुली तो गांव का ही एक युवक उसकी बहन की चारपाई पर बैठा था। भाई को देखकर युवक मौके से भाग गया। इसके बाद बहन से कहासुनी हुई और आरोपी के मन में गुस्सा बढ़ता चला गया। पुलिस का दावा है कि इसी गुस्से में उसने बहन की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। एसपी सिटी मयंक पाठक के अनुसार, आरोपी आशीष ने पूछताछ में बताया कि 16 अक्टूबर की सुबह करीब 3:30 बजे उसकी नींद खुली थी। उसने देखा कि गांव का विशाल उसकी बहन की चारपाई पर मौजूद था। आशीष के जागने और उसे देखने पर विशाल वहां से भाग गया। इसके बाद आशीष ने अपनी बहन से पूछा कि इतनी रात में युवक घर क्यों आया था। इस बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी के मुताबिक, रात होने के कारण वह कुछ देर बाद शांत होकर अपनी चारपाई पर लेट गया, लेकिन उसके मन में बहन के प्रति गुस्सा बना रहा। वह परिवार की बदनामी होने की बात सोचने लगा। पुलिस का कहना है कि इसी आवेश में उसने बहन कोमल के सो जाने के बाद गुलाबी रंग के दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया। घटना के बाद मृतका के चाचा सुरेंद्र पुत्र सुभे सिंह निवासी लाखनौर ने नागल थाने में शिकायत दी। उन्होंने अपने भतीजे आशीष कुमार पर कोमल की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या की धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। हत्या के मामले में वांछित आशीष कुमार को नागल पुलिस ने कस्बा नागल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को अदालत के समक्ष पेश कर दिया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)