सहारनपुर में दिव्यांगों को 15 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलीं:गांधी जयंती पर सैकड़ों सहायक उपकरण बांटे गए, बेटियों को शादी प्रमाण-पत्र भी मिले
सहारनपुर में गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार दोपहर दो बजे राजकीय आईटीआई परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग और विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। साथ ही पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की पुत्रियों की शादी योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी दिए गए। कार्यक्रम राज्य मंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी की अध्यक्षता में हुआ। नगर विधायक राजीव गुंबर और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान भी मौजूद रहे। अतिथियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की योजनाओं के तहत कार्यक्रम में दिव्यांग लाभार्थियों को 15 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 135 ट्राईसाइकिल, 70 व्हीलचेयर, 100 जोड़ी बैसाखी, 76 कान की मशीन और 27 स्मार्ट कैन वितरित किए गए। इसके अलावा 50 लाभार्थियों को शादी अनुदान योजना के स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी दिए गए। कार्यक्रम स्थल पर दिव्यांगजनों के लिए चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। यहां सोशल सेक्टर की विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित फर्म की ओर से भी मौके पर दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायता दी गई। कार्यक्रम में राजकीय दृष्टिबाधित बालिका विद्यालय, रामपुर मनिहारान की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और लाभार्थियों का ध्यान आकर्षित किया। छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया। राज्य मंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद और दिव्यांगजनों को सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम में योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर प्रभारी डॉ. अजय शर्मा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी अजय कुमार और जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी साक्षी गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और लाभार्थी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)