सहारनपुर में ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड की मौत:थ्री व्हीलर में अचानक सीने में दर्द उठा, कोर्ट से मुलजिम को पेश कर लौट रहे थे
सहारनपुर में सोमवार शाम ड्यूटी से लौट रहे होमगार्ड की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह सहारनपुर कोर्ट से एक मुलजिम को पेश कराकर थ्री व्हीलर से रामपुर मनिहारान लौट रहे थे। रास्ते में अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ और हालत बिगड़ गई। थ्री व्हीलर में मौजूद मेडिकल क्षेत्र से जुड़े कुछ लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें रामपुर मनिहारान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पहले भी सीने में दर्द की शिकायत थी मृतक की पहचान करीब 58 वर्षीय विनोद कुमार निवासी उमरी कलां के रूप में हुई है। वह रामपुर मनिहारान कोतवाली में होमगार्ड के पद पर ड्यूटी कर रहे थे। परिचितों के मुताबिक, विनोद कुमार को पहले भी सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। हालांकि, उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया और समय पर उपचार नहीं कराया। सोमवार को कोर्ट से मुलजिम को पेश कराने के बाद लौटते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। थ्री व्हीलर में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। CHC में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया हालत गंभीर होने पर विनोद कुमार को आनन-फानन में रामपुर मनिहारान सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ड्यूटी के दौरान अचानक हुई मौत की खबर से साथी होमगार्ड और पुलिसकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। साथी कर्मचारियों और परिचितों ने बताया कि विनोद कुमार मिलनसार और सज्जन स्वभाव के थे। वह अपनी ड्यूटी को लेकर गंभीर रहते थे और पूरी ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाते थे। रोजाना की तरह सोमवार को भी वह ड्यूटी पूरी कर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)