सहारनपुर में कच्चा मकान ढहा, लड़की मलबे में दबी:कमरे में दवाई लेने गई थी, आसपास के लोगों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया

Sep 29, 2026 - 17:42
0
सहारनपुर में कच्चा मकान ढहा, लड़की मलबे में दबी:कमरे में दवाई लेने गई थी, आसपास के लोगों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया
सहारनपुर के रामपुर मनिहारान में सोमवार रात बारिश के बीच दो मंजिला कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय ऊपर के कमरे में दवाई लेने गई नाबालिग किशोरी मलबे में दब गई। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर किशोरी को बाहर निकाला। हादसे में किशोरी को चोटें आई हैं। घटना रात करीब 8 बजे मोहल्ला मनिहारान की है। यहां नसीम पुत्र अशरफ का दो मंजिला कच्चा मकान लगातार बारिश के बाद अचानक ढह गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। दवाई निकाल रही थी, तभी ऊपर गिरा मकान का हिस्सा हादसे के वक्त परिवार के ज्यादातर सदस्य घर से बाहर थे। इसी दौरान नसीम की नाबालिग बेटी ऊपर बने कमरे में दवाई लेने गई थी। वह दवाई निकाल ही रही थी कि अचानक मकान का हिस्सा भरभराकर उसके ऊपर गिर गया। किशोरी मलबे में दब गई और मदद के लिए चीखने लगी। चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और मलबा हटाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। PM आवास के लिए किया था आवेदन नसीम ने बताया कि मकान कच्चा है और लगातार बारिश के कारण पहले से कमजोर हो गया था। परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक योजना का लाभ नहीं मिला। नसीम ने कहा कि समय रहते आवास योजना का लाभ मिल जाता तो परिवार को जर्जर मकान में रहने की मजबूरी नहीं होती। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने का संकट भी खड़ा हो गया है। प्रशासन से मुआवजे और आवास की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है। साथ ही परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान जर्जर मकानों में रह रहे परिवारों की सुरक्षा के लिए प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User