सहारनपुर में किसान नेता से अभद्रता:परिवार के साथ घर लौटते समय बाइक सवारों ने रोका

Oct 04, 2026 - 12:04
0
सहारनपुर में किसान नेता से अभद्रता:परिवार के साथ घर लौटते समय बाइक सवारों ने रोका
सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन तोमर के मंडल प्रभारी मुजीबुर्रहमान इदरीसी के साथ अभद्रता और बाइक तोड़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शनिवार रात 11:30 बजे पुलिस लिखी बाइक पर सवार दो युवकों ने रास्ते में उनकी बाइक रोककर उनके और परिवार के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उनकी बाइक में तोड़फोड़ कर दी। पीड़ित ने जनकपुरी थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुजीबुर्रहमान इदरीसी के मुताबिक, वह अपने परिवार के साथ देहरादून चौक स्थित रिश्तेदारी से बाइक से अपने घर रामपुर मनिहारान लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे जब वे जिला अस्पताल चौक वाले पुल के पास पहुंचे, तभी आगे चल रही एक बाइक पर सवार दो युवकों ने अचानक उनकी बाइक रोक दी। तहरीर के अनुसार, बाइक का नंबर UP-19- 2518 बताया गया है और उस पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि बाइक सवार दोनों युवक शराब के नशे में लग रहे थे। उन्होंने बाइक रोकने के बाद मुजीबुर्रहमान और उनके परिवार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। मुजीबुर्रहमान का आरोप है कि दोनों युवकों ने उनकी बाइक में तोड़फोड़ की और धमकी देते हुए कहा कि वे उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। आरोपियों ने कथित तौर पर बाइक को थाना जनकपुरी एसएचओ की गाड़ी बताते हुए पुलिस स्टाफ की गाड़ी होने की बात कही। पीड़ित ने तहरीर में आरोप लगाया कि दोनों युवकों ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धार्मिक रूप से आपत्तिजनक शब्द भी कहे। उन्होंने यह भी धमकी दी कि चाहे थाने या एसएसपी के पास शिकायत कर लें, उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। घटना के बाद मुजीबुर्रहमान इदरीसी ने थाना जनकपुरी पहुंचकर लिखित तहरीर दी। उन्होंने पुलिस लिखी बाइक पर सवार दोनों युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बाइक का पुलिस विभाग से संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद साफ होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User