सहारनपुर में महिला डॉक्टर से 6.33 लाख की ठगी:आधे दाम में आईफोन-18 देने का झांसा दिया, शिपिंग चार्ज के नाम पर रुपए लिए
सहारनपुर में साइबर ठगों ने टेलीग्राम पर आधे दाम में iPhone-18 दिलाने का झांसा देकर डॉक्टर से 6 लाख 33 हजार 464 रुपए ठग लिए। ठगों ने पहले प्री-बुकिंग के नाम पर 1 हजार रुपए लिए। इसके बाद वर्किंग चार्ज, शिपिंग चार्ज और अकाउंट होल्ड होने का डर दिखाकर अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर कराते रहे। बाद में डॉक्टर से Binance के जरिए USDT भी ट्रांसफर कराया गया। जब आरोपियों ने और रकम की मांग की तो डॉक्टर को ठगी का पता चला। उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस थाना सहारनपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। टेलीग्राम पर आया आधे दाम में फोन का ऑफर जनक नगर के तकिया ग्राउंड निवासी डॉ. असमा अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके टेलीग्राम अकाउंट पर आधे रेट में iPhone-18 उपलब्ध कराने का मैसेज आया था। इसके बाद @CardingStorePro नाम के टेलीग्राम अकाउंट से संपर्क हुआ। आरोपियों ने 15 सितंबर को प्री-बुकिंग के नाम पर 1 हजार रुपए मांगे। डॉक्टर ने SBI खाते से UPI के जरिए रकम भेज दी। इसके बाद उसी दिन दूसरे UPI ID पर 2 हजार रुपए और वर्किंग चार्ज के नाम पर 3,999 रुपए जमा कराए गए। 17 सितंबर को शिपिंग चार्ज के नाम पर यूनियन बैंक खाते से 22,043 रुपए ट्रांसफर कराए गए। अकाउंट होल्ड होने का डर दिखाकर बढ़ाते गए रकम 18 सितंबर को आरोपियों ने SBI खाते से 44,086 रुपए की दो ट्रांजेक्शन कराईं। 19 सितंबर को अकाउंट होल्ड होने की बात कहकर SBI से 19,570 रुपए और यूनियन बैंक से 7,280-7,280 रुपए ट्रांसफर कराए। SBI खाते से भी 7,280 रुपए लिए गए। इसी दौरान YONO Cash के जरिए 20 हजार रुपए भी ट्रांसफर कराए गए। 20 सितंबर को 2 हजार, 1,999.20, 6 हजार और 20-20 हजार रुपए की कई ट्रांजेक्शन कराई गईं। YONO Cash से भी 20 हजार रुपए लिए गए। 21 सितंबर को 19,999.05, 10 हजार, 8,999.50 और 20 हजार रुपए ट्रांसफर कराए गए। बैंक से रकम लेने के बाद USDT में भी कराया भुगतान ठगों ने इसके बाद भुगतान का तरीका बदल दिया। 22 सितंबर को Binance के जरिए 343.51 USDT, 518.34 USDT और 395.82 USDT ट्रांसफर कराए गए। 23 सितंबर को 499.76 USDT और 233.57 USDT भेजे गए। इसी दिन YONO Cash से 20 हजार रुपए और UPI के जरिए 2 हजार व 9,997.20 रुपए भी लिए गए। 24 सितंबर को Binance के जरिए 363.87 USDT और 906.01 USDT ट्रांसफर कराए गए। और पैसे मांगे तो समझ आया ठगी का खेल डॉक्टर के मुताबिक, लगातार रकम लेने के बावजूद आरोपी और पैसे मांगते रहे। इसके बाद उन्हें अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ। उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 23109260190821 है। पुलिस के मुताबिक, तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस थाना सहारनपुर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब टेलीग्राम अकाउंट, UPI ID, बैंक खातों और Binance के जरिए हुए लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और ठगी की रकम के लेनदेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)