सहारनपुर में महिलाओं के कानों से कुंडल झपटने वाला गिरफ्तार:दो वारदातों का खुलासा, आरोपी से एक कुंडल और 700 रुपये बरामद
सहारनपुर के चिलकाना क्षेत्र में महिलाओं के कानों से सोने के कुंडल झपटकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुवार दोपहर तीन बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दो वारदातों का खुलासा किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रंडौल गांव निवासी सचिन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पीली धातु का कुंडल और 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ चिलकाना थाने में छिनैती के दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। थानाध्यक्ष अक्षय शर्मा के मुताबिक, पहली घटना 29 जुलाई 2026 की है। मंझारी गांव निवासी आशीष सैनी की मां मेशो देवी अपने मायके से घर लौट रही थीं। धौलाहेड़ी के पास एक दुकान पर बैठी थीं, तभी लाल रंग की एक्टिवा पर सवार हेलमेट पहने एक युवक उनके पास पहुंचा। उसने महिला को आगे छोड़ने की बात कही। भरोसा करके मेशो देवी उसकी एक्टिवा पर बैठ गईं। कुछ दूर जाने के बाद आरोपी ने एक्टिवा रोक दी और महिला के कानों से सोने के कुंडल झपटकर फरार हो गया। महिला ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकला। इस मामले में 3 अगस्त को चिलकाना थाने में केस दर्ज किया गया था। दूसरी घटना 10 सितंबर 2026 की है। दासा माजरा निवासी रामवती अपनी बेटी मीनाक्षी के साथ सहारनपुर से लौट रही थीं। दोनों टेंपो से मैहनर अड्डे पर उतरकर पैदल गांव की ओर जा रही थीं। दोपहर के समय अड्डे से लगभग 150 मीटर आगे सड़क किनारे बाइक लेकर खड़े दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। इनमें से एक युवक ने रामवती के बाएं कान से कुंडल झपट लिया। इसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। इस मामले में रामवती के बेटे वीशू कुमार की तहरीर पर चिलकाना थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर भोजपुर तगा तिराहे से महेश्वरी कला जाने वाले रास्ते पर सचिन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि बरामद कुंडल पहली घटना और 700 रुपये दूसरी घटना से संबंधित हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)