सहारनपुर में नगर निगम ने अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया:दो रूटों पर चला अभियान, 6700 रुपये जुर्माना भी वसूला
सहारनपुर शहर की सड़कों पर अतिक्रमण कर दुकान का सामान फैलाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई की। गुरुवार शाम चार बजे के करीब नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने बेहट बस अड्डे से पुल खुमरान तक और गोलकोठी से रायवाला चौक तक अभियान चलाया। इस दौरान दो दर्जन से अधिक स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। सड़क पर सामान फैलाकर बैठे दुकानदारों से 6700 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में खलबली मच गई। कई दुकानदार आनन-फानन में अपना सामान समेटकर दुकानों के अंदर रखने लगे। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने गुरुवार को बेहट बस अड्डे से अभियान की शुरुआत की। यहां सड़क और दुकानों के बाहर सामान फैलाकर रास्ते को घेरने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके बाद टीम पुल खुमरान तक पहुंची और रास्ते में किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया। निगम की कार्रवाई से सड़क किनारे सामान रखकर कारोबार करने वाले दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। इसके बाद नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने गोलकोठी से रायवाला चौक तक अभियान चलाया। इस मार्ग पर भी कई दुकानदारों ने सड़क तक सामान फैला रखा था। घासकांटा, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंबल, साइकिल और मोटरसाइकिल की दुकानों के बाहर सामान रखकर अतिक्रमण किया गया था। टीम ने ऐसे स्थानों पर कार्रवाई करते हुए सड़क पर फैला सामान हटवाया और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से जुर्माना वसूला। नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान दो दर्जन से अधिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान कुल 6700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराना और लोगों के आवागमन को सुचारु बनाना है। सड़क पर दुकानों का सामान फैलने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। ऐसे में निगम की टीम ने चिह्नित स्थानों पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।कार्रवाई के दौरान दुकानदारों से सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर सामान नहीं फैलाने की अपील भी की गई,ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)