सहारनपुर में फैक्ट्री में मिला सिक्योरिटी गार्ड का शव:6-7 साल से फैक्ट्री में कर रहा था नौकरी, सुबह सफाई कर्मचारी के पहुंचने पर पता चला, अर्धनग्न था मृतक
सहारनपुर में सरसावा के पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री के गार्ड रूम में शनिवार सुबह 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड का शव मिलने से कर्मचारियों में हलचल मच गई। मृतक की पहचान गांव पिलखनी निवासी ज्ञान चंद के रूप में हुई है। वह पिछले छह से सात साल से फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम कर रहा था। सुबह काफी देर तक गार्ड रूम से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने अंदर जाकर देखा तो ज्ञान चंद मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह फैक्ट्री में सफाई करने वाला कर्मचारी पहुंचा। उसने फैक्ट्री का गेट खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसकी आवाज सुनकर फैक्ट्री के अंदर मौजूद एक अन्य कर्मचारी गेट खोलने पहुंचा। दोनों ने अंदर जाकर देखा तो गार्ड रूम में ज्ञान चंद का शव पड़ा था। इसके बाद कर्मचारियों ने मामले की जानकारी फैक्ट्री के सुपरवाइजर राहुल शर्मा को दी। सुपरवाइजर से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मौके की परिस्थितियों का जायजा लेने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच भी शुरू कर दी है, ताकि घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले सीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में ज्ञान चंद के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया तबीयत खराब होने के कारण मौत होने की आशंका है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की जांच से भी घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)